RajTantraCrime & Mystery
0% पढ़ा

अंडरवर्ल्ड फाइल्स

छोटा राजन Part 5: बैंकॉक हमला, बाली में गिरफ्तारी और तिहाड़ तक का सफ़र

कराची में दाऊद को मारने का प्लान, बैंकॉक में 'पिज़्ज़ा डिलीवरी' हमला, हॉस्पिटल से फ़िल्मी फरारी, शरद शेट्टी का कत्ल, अजीत डोभाल वाला प्लान, पत्रकार जे डे की हत्या और २०१५ में बाली से भारत वापसी।

बारिश भरी बैंकॉक रात में खाली अस्पताल कमरा, खुली खिड़की, रस्सी और हार्नेस की संपादकीय कलाकृति
अवधि1998–2015; 2026 status
स्थानKarachi (Clifton), Bangkok (Sukhumvit, Samitivej Hospital), Cambodia, Dubai (India Club), Australia, Delhi, Mumbai (JNPT, Powai), Bali, Tihar Jail
मुख्य लोगChhota Rajan, Dawood Ibrahim, Chhota Shakeel, Sharad Shetty, Munna Jhingada, Rohit Verma, Santosh Shetty, Bharat Nepali, Ajit Doval, Vicky Malhotra, Farid Tanasha, Aslam Momin, Pradeep Sharma and Jyotirmoy Dey (J Dey)
वर्तमान स्थितिHistorical crime profile — Part 5 of 5 (series finale). छोटा राजन दिल्ली की तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है; जुलाई 2026 में चेन्नई की CBI कोर्ट ने फर्जी पासपोर्ट केस में उसे 7 साल की अतिरिक्त सजा सुनाई

कराची की दरगाह वाला प्लान

कराची में दाऊद ने क्लिफ्टन बीच पर एक विला खरीदा था, जहाँ वो रहता था। उसके नज़दीक एक दरगाह थी, जहाँ वो अक्सर जाता था।

hazrat syed abdullah shah ghazi Dargah, Karachi
hazrat syed abdullah shah ghazi Dargah, Karachi

डी कंपनी के दो टॉप कमांडर्स, सुनील सावंत और नेपाल के पॉलिटिशियन मिर्ज़ा दिलशाद बेग, को मारने के बाद अब छोटा राजन का निशाना था खुद दाऊद।

प्लान ये था कि कराची में घुसकर, पाकिस्तानी आर्मी, कराची पुलिस और ISI की सिक्योरिटी के बीचोंबीच दाऊद को मारा जाए। १९९८ में ये प्लान बना और छोटा राजन ने ७ लोगों की एक टीम भी तैयार कर ली। किसी को शक न हो, इसलिए इन ७ लोगों को नेपाल के रास्ते पाकिस्तान भेजा गया। लेकिन जिस दिन हमला होना था, उस दिन दाऊद दरगाह पर आया ही नहीं। प्लान कैंसिल करना पड़ा और उन ७ लोगों को तुरंत पाकिस्तान से निकलना पड़ा।

क्लिफ्टन बीच, कराची
क्लिफ्टन बीच, कराची

बैंकॉक में नया ठिकाना

दाऊद का ड्रग्स का बड़ा कारोबार साउथ ईस्ट एशिया में चलता था, और राजन ये पूरा बिज़नेस अपने हाथ में लेना चाहता था। १९९३ के आख़िर में दुबई से भागने के बाद से वो मलेशिया के क्वालालंपुर में रह रहा था। लेकिन वहाँ बैठकर साउथ ईस्ट एशिया का ड्रग्स बिज़नेस संभालना मुश्किल था, इसलिए करीब मई २००० में राजन थाईलैंड शिफ्ट हो गया।

बैंकॉक में सुखुमवित नाम का एक इलाका है। यहाँ एक फ्लैट लेकर राजन रहने लगा। उसके साथ उसका सबसे वफ़ादार शूटर रोहित वर्मा, रोहित की पत्नी और छोटी बच्ची भी उसी फ्लैट में रहते थे। राजन थाईलैंड में 'विजय दमन' नाम के इंडियन पासपोर्ट पर आया था। शुरुआत में टूरिस्ट वीज़ा पर आया और बाद में बिज़नेस वीज़ा के लिए अप्लाई किया। थाईलैंड में उसने 'दमन एक्सपोर्ट एंड इम्पोर्ट' नाम की एक कंपनी शुरू की, जो थाईलैंड से हांगकांग सूखी मछली एक्सपोर्ट करती थी।

सुखुमवित रोड, बैंकॉक
सुखुमवित रोड, बैंकॉक

'पिज़्ज़ा डिलीवरी' वाला हमला

बैंकॉक का ड्रग मार्केट एशिया के सबसे बड़े ड्रग मार्केट्स में से एक है। राजन ने थाईलैंड से ड्रग्स लेकर इंडिया में स्मगल करना शुरू किया। इसकी भनक शरद शेट्टी को लग गई, और उसे ये भी पता चल गया कि राजन अब बैंकॉक में रहता है। शेट्टी ने ये बात छोटा शकील को बताई। ५ लोगों की एक टीम बनी, जिसे मुन्ना झिंगड़ा लीड कर रहा था।

१५ सितंबर २००० का दिन था। सुखुमवित इलाके की सावन कोर्ट सोसाइटी में, जहाँ राजन रोहित वर्मा के साथ रहता था, उस फ्लैट की डोरबेल बजी। पूछने पर जवाब आया, "पिज़्ज़ा डिलीवरी।" रोहित वर्मा ने दरवाज़ा खोला और मुन्ना झिंगड़ा और उसके आदमियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

ये एक डुप्लेक्स फ्लैट था और ऊपर के फ्लोर पर छोटा राजन था। फायरिंग में रोहित वर्मा मौके पर ही मारा गया। उसकी पत्नी को भी दो गोलियाँ लगीं और वो ज़मीन पर गिर पड़ी। शूटर्स अंदर घुसकर ऊपर के फ्लोर की तरफ़ बढ़ने लगे। राजन ने उन पर फायर किया और शूटर्स ने भी जवाब में गोलियाँ चलायीं। राजन के पैर, पेट और हाथ में गोलियाँ लगीं और उसकी पिस्टल की गोलियाँ खत्म हो गईं।

फर्स्ट फ्लोर पर एक एयर डक्ट था। उसके ज़रिए राजन टेरेस पर पहुँचा और वहाँ से सीधे नीचे छलाँग लगा दी। वो बुरी तरह ज़ख्मी था, एक पैर फ्रैक्चर हो चुका था, फिर भी लंगड़ाते हुए भागने की कोशिश कर रहा था। इतने में बैंकॉक पुलिस पहुँच गई। पुलिस को देखकर मुन्ना झिंगड़ा और उसके साथी भाग गए और थाई पुलिस ने राजन को गिरफ्तार कर लिया।

समितिवेज हॉस्पिटल से फरारी

सुखुमवित इलाके के समितिवेज हॉस्पिटल में राजन को भर्ती किया गया। राजन जानता था कि वो हॉस्पिटल में भी सुरक्षित नहीं है और उसे दोबारा मारने की कोशिश ज़रूर होगी। उसे वहाँ से निकलना था, लेकिन उसकी हालत बहुत खराब थी। उसने अपने भरोसेमंद लोगों से कॉन्टैक्ट किया।

समितिवेज हॉस्पिटल, सुखुमवित
समितिवेज हॉस्पिटल, सुखुमवित

२४ नवंबर २००० की रात, यानी हमले के करीब ढाई महीने बाद, संतोष शेट्टी और भरत नेपाली समितिवेज हॉस्पिटल पहुँचे। संतोष शेट्टी की पहचान की एक चाइनीज़ लड़की प्रोफेशनल ट्रेकर थी। उससे उन्होंने ट्रेकिंग का पूरा सामान लिया था और बेसिक ट्रेनिंग भी ली थी।

हॉस्पिटल में राजन का कमरा चौथी मंज़िल पर था। शेट्टी और नेपाली ट्रेकिंग किट की मदद से पाइप्स पर चढ़कर राजन के कमरे तक पहुँचे, उसे हार्नेस बाँधा और धीरे-धीरे खिड़की से बाहर उतारा। थाईलैंड के एक बिज़नेसमैन ने राजन के लिए एक मिलिट्री व्हीकल तैयार रखा था। तीनों उस गाड़ी में बैठकर सीधे बॉर्डर पार करके कंबोडिया पहुँच गए।

राजन हॉस्पिटल से कैसे गायब हुआ, इसके कई वर्ज़न हैं। ये भी कहा जाता है कि इंडियन इंटेलिजेंस ऑफिसर्स ने राजन को भागने में मदद की थी।

गद्दारों से हिसाब

कंबोडिया पहुँचकर राजन ठीक होने लगा, लेकिन मन की आग और भड़क रही थी। उसे बदला लेना था, साथ ही वो ये भी जानता था कि अब किसी एक जगह रुकना खतरे से खाली नहीं है। चोटों से उबरने के बाद वो हर कुछ महीनों में अपना ठिकाना बदलने लगा: जकार्ता, क्वालालंपुर, बाली जैसी कई जगहों पर उसने कुछ-कुछ महीने बिताए। कुछ सोर्सेज़ के मुताबिक वो कुछ महीने ईरान के तेहरान में भी रुका था।

राजन की लोकेशन बदल रही थी, लेकिन उसका मकसद नहीं। उसकी पैनी नज़र मुंबई पर थी। मुंबई के एक बड़े होटल बिज़नेसमैन थे जया शेट्टी, जो पूरी तरह छोटा शकील के सपोर्टर थे। उनका होटल गोल्डन क्राउन था, और वो कई और होटल्स, बार और पब्स भी चलाते थे। राजन की तरफ़ से उन्हें फ़ोन गया, लेकिन उन्होंने साफ़ शब्दों में पैसे देने से मना कर दिया। जया शेट्टी को लगता था कि अब मुंबई में डी कंपनी ही सबसे पावरफुल है और राजन गैंग खत्म हो चुकी है। ४ मई २००१ को राजन के आदमियों ने जया शेट्टी को उन्हीं के होटल में गोली मार दी।

मुंबई की गैंग्स और दाऊद को जो लग रहा था कि राजन खत्म हो चुका है, वो गलत था। राजन की गैंग कमज़ोर ज़रूर हुई थी, लेकिन उसे हल्के में नहीं लिया जा सकता था।

करीब २००२ में राजन को पता चला कि उसके बैंकॉक वाले ठिकाने की खबर शरद शेट्टी ने छोटा शकील को दी थी। इतना ही नहीं, उसके कुछ करीबियों ने भी उसके साथ गद्दारी की थी। चेंबूर के होटल मालिक विनोद शेट्टी ने शरद शेट्टी को बताया था कि राजन थाईलैंड में है, और राजन के खास आदमी सुनील सोअंस और मनोज कोटियान ने बैंकॉक की एग्ज़ैक्ट लोकेशन बताई थी। ये सुनकर राजन आग-बबूला हो गया और उसने इन तीनों को मरवा दिया।

दुबई के इंडिया क्लब में शरद शेट्टी

अब बारी थी शरद शेट्टी की। शेट्टी डी कंपनी का पूरा फाइनेंस देखता था और दुबई में उसका खुद का बहुत बड़ा बिज़नेस था, जिसमें रीजेंट पैलेस और रीगल नाम के दो बड़े होटल शामिल थे। १९ जनवरी २००३ को रात करीब ८ बजे राजन के आदमियों ने दुबई के इंडिया क्लब में शरद शेट्टी पर करीब २० गोलियाँ दागीं और वो वहीं मारा गया।

शरद शेट्टी का जाना डी कंपनी पर अब तक का सबसे बड़ा वार था।

Sharad Shetty
Sharad Shetty

महरूख की शादी और अजीत डोभाल वाला प्लान

राजन को अब एक स्टेबल ठिकाने की ज़रूरत थी। 'मोहन कुमार' नाम का इंडियन पासपोर्ट बनवाकर करीब २००४ में वो ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हो गया।

२००५ में एक खबर आई, जिसमें राजन को मौका दिखा। दाऊद की बेटी महरूख की शादी जुनैद मियांदाद से तय हुई थी, जो पाकिस्तान के मशहूर क्रिकेटर जावेद मियांदाद का बेटा है। शादी बड़े धूमधाम से होने वाली थी, और इसी मौके पर दाऊद को मारने का प्लान राजन के दिमाग़ में चल रहा था।

Mahrukh Dawood Ibrahim
Mahrukh Dawood Ibrahim

राजन शुरू से इंडियन इंटेलिजेंस के टच में था; आख़िर दुबई से भागने में भी उन्होंने ही उसकी मदद की थी। राजन ने इंडियन ऑफिसर्स से कॉन्टैक्ट किया और एक प्लान बना। उस वक्त IB के चीफ थे अजीत डोभाल, और वो खुद इस प्लान पर ध्यान दे रहे थे। इस बार राजन किसी भी कीमत पर दाऊद को खत्म करना चाहता था। उसने ये जिम्मेदारी अपने सबसे काबिल और भरोसेमंद शूटर्स, विक्की मल्होत्रा और फरीद तनाशा, को दी।

Vicky Malhotra
Vicky Malhotra

दोनों को दिल्ली भेजा गया, जहाँ एक होटल में खुद अजीत डोभाल उन्हें पूरा प्लान समझा रहे थे। लेकिन दाऊद का नेटवर्क अंडरवर्ल्ड और मुंबई पुलिस, दोनों में बहुत मज़बूत था। खबर कैसे लीक हुई पता नहीं, लेकिन दाऊद को इस प्लान की भनक लग गई।

मुंबई पुलिस में उसका एक कॉन्टैक्ट था, सीनियर इंस्पेक्टर असलम मोमिन। दाऊद ने मोमिन तक खबर भिजवाई कि विक्की मल्होत्रा दिल्ली में है, और होटल की लोकेशन भी बता दी। मोमिन ने ये खबर मुंबई क्राइम ब्रांच के ऑफिसर्स को दे दी। मुंबई पुलिस कई केसों में विक्की मल्होत्रा को ढूँढ रही थी और उसके ख़िलाफ़ अरेस्ट वॉरंट भी निकल चुका था।

Aslam Momin
Aslam Momin

उस वक्त मुंबई क्राइम ब्रांच की जॉइंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस थीं मीरा बोरवणकर। उनकी निगरानी में एक ऑपरेशन प्लान हुआ, जिसके तहत DCP धनंजय कमलाकर और असलम मोमिन दिल्ली पहुँचे। उन्होंने होटल के कमरे पर रेड मारी और विक्की मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया। कहा जाता है कि उस वक्त कमरे में अजीत डोभाल खुद मौजूद थे और उन्होंने अपनी पहचान बताकर मुंबई पुलिस को समझाने की कई बार कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी।

दाऊद को मारने का ये पक्का मौका हाथ से निकल गया। बाद में जाँच में पता चला कि असलम मोमिन के दाऊद से सीधे कॉन्टैक्ट थे, और उसे पुलिस डिपार्टमेंट से डिसमिस कर दिया गया।

ग्रीस के बैरल में छुपे हथियार

राजन को लग रहा था कि मुंबई पर उसकी पकड़ कमज़ोर हो रही है। उसके कई गैंग मेंबर्स मारे जा चुके थे, इसलिए उसने नए सिरे से भर्ती शुरू की। नए लड़कों को हवाला के ज़रिए पैसे भेजे जाते थे, लेकिन पैसों के साथ उन्हें गन्स और दूसरे हथियार भी चाहिए थे।

राजन हमेशा कंटेनर्स में हथियार छुपाकर हिंदुस्तान स्मगल करता था, लेकिन इस बार ज़रूरत बहुत ज़्यादा थी। एक कंटेनर में ग्रीस के २७ बैरल रखे गए, वही ग्रीस जो कार और मोटरसाइकिल में काम आता है। इनमें से एक बैरल में ग्रीस की जगह सोफिस्टिकेटेड हथियार भरे गए: वेबली एंड स्कॉट और कोल्ट जैसी हाई-एंड पिस्टल्स और रिवॉल्वर्स। बाक़ी बैरल्स में जानबूझकर ग्रीस भरा गया, ताकि हथियार पकड़े न जाएँ।

२७ बैरल वाला ये कंटेनर मुंबई के JNPT पोर्ट पहुँचा। पोर्ट पर मुकुंद पटेल नाम का एक शिपिंग सुपरवाइज़र था, जिसे सेट किया गया था ताकि कंटेनर सही-सलामत राजन के आदमियों तक पहुँच जाए।

JNPT पोर्ट, नवी मुंबई
JNPT पोर्ट, नवी मुंबई

मुंबई क्राइम ब्रांच में प्रदीप शर्मा नाम के एक ऑफिसर थे, जिन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से जाना जाता है। उनका खबरी नेटवर्क बहुत तगड़ा था। उनके एक खबरी ने मुकुंद पटेल के पास एक महंगी रिवॉल्वर देखी और उसे शक हुआ। उसने ये बात प्रदीप शर्मा को बताई। शर्मा ने मुकुंद पटेल को पकड़ा, कंटेनर को ट्रैक किया, और २० मई २००५ को कंटेनर और उसमें रखे सारे हथियार ज़ब्त कर लिए गए।

बढ़ता शक और अकेलापन

ये राजन के लिए बहुत बड़ा झटका था और उसकी गैंग धीरे-धीरे कमज़ोर हो रही थी। यही वो दौर था जब छोटा राजन पैरानॉयड होने लगा। पहले बैंकॉक के ठिकाने की खबर लीक हुई, फिर दाऊद पर हमले का प्लान, और अब हथियारों की खबर। राजन अब किसी पर भरोसा नहीं कर पा रहा था और खुद को अकेला महसूस कर रहा था।

उसके इस बर्ताव की वजह से कुछ पुराने साथी भी दूर होने लगे। बैंकॉक हमले के बाद उसका बहुत पुराना साथी गुरु साटम अलग हो चुका था। राजन का चेला रवि पुजारी, जिसे राजन ने अंडरवर्ल्ड की हर चीज़ सिखाई थी, वो भी अब दूर हो गया था। आम तौर पर राजन के काम करने का तरीका बहुत सधा हुआ था; आख़िर एक ज़माने में वो हिंदुस्तान की सबसे बड़ी गैंग चलाता था। लेकिन अब वो मेंटली अनस्टेबल महसूस कर रहा था और अपना खोया हुआ रुतबा वापस पाने का मौका ढूँढ रहा था।

पत्रकार जे डे की हत्या

ऐसे में राजन तक एक खबर पहुँची। मिड-डे अखबार में ज्योतिर्मय डे नाम के एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट काम करते थे, जिन्हें लोग जे डे के नाम से भी जानते थे। उन्होंने मिड-डे में छोटा राजन पर कई आर्टिकल्स लिखे थे, जिनमें राजन की घटती पावर और बढ़ती बीमारियों के बारे में बताया गया था।

Jyotirmay Dey
Jyotirmay Dey

राजन ने अपनी जो 'देशभक्त' और 'हिंदू डॉन' वाली इमेज बनायी थी, उसे जे डे के आर्टिकल्स में चुनौती दी जा रही थी। राजन को लगता था कि जे डे सिर्फ़ उसी के बारे में बुरा लिखते हैं, बाक़ी किसी डॉन के बारे में इतना नहीं। उसे शक था कि कहीं ये जर्नलिस्ट दाऊद से मिला हुआ तो नहीं।

राजन की तरफ़ से कई बार धमकियाँ मिलने के बावजूद जे डे लिखते रहे। इतना ही नहीं, वो 'Chindi: Rags to Riches' नाम की एक किताब भी लिख रहे थे। राजन को खबर मिली थी कि इस किताब में जे डे ने उसे एक बड़े डॉन की जगह एक मामूली अपराधी की तरह दिखाया है। आख़िरकार राजन ने जे डे को मारने का ऑर्डर दे दिया।

११ जून २०११ को दोपहर करीब ३ बजे जे डे मुंबई के पवई इलाके में अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। राजन गैंग के सतीश कालिया और उसके साथियों ने उन्हें रास्ते में रोककर दिन-दहाड़े गोलियाँ मार दीं। अंडरवर्ल्ड की तरफ़ से किसी रिपोर्टर को इस तरह दिन-दहाड़े मारने की ये पहली घटना थी। बाद में इसी केस में छोटा राजन को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।

इस मर्डर से राजन की जो थोड़ी-बहुत 'नेशनलिस्ट डॉन' वाली इमेज बनी थी, वो पूरी तरह खत्म हो गई और पूरा मीडिया उसके ख़िलाफ़ हो गया।

बाली एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी

चारों तरफ़ से राजन पर दबाव बढ़ रहा था। उसे पता चला कि ऑस्ट्रेलिया वाला ठिकाना भी अब सेफ नहीं है और किसी भी वक्त उस पर हमला हो सकता है। उसने ऑस्ट्रेलिया छोड़ने का फैसला किया और इंडोनेशिया के बाली की फ्लाइट पकड़ ली।

उधर ऑस्ट्रेलियाई पुलिस को टिप मिली थी कि छोटा राजन ऑस्ट्रेलिया में है, लेकिन जब तक वो उसे पकड़ते, राजन बाली की फ्लाइट में बैठ चुका था। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने इंटरपोल के ज़रिए इंडोनेशियाई पुलिस को खबर दी। २५ अक्टूबर २०१५ को जैसे ही राजन बाली में उतरा, इंडोनेशियाई पुलिस ने उसे एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया।

बाली का नगुरा राय एयरपोर्ट
बाली का नगुरा राय एयरपोर्ट

दिलचस्प बात ये है कि राजन ने अपना हुलिया इस कदर बदल रखा था कि इंडोनेशियाई पुलिस शुरू में समझ ही नहीं पायी कि ये राजन है। कहा जाता है कि एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान नाम पूछे जाने पर उसने गलती से 'मोहन कुमार' की जगह 'राजन निकालजे' बता दिया, और पुलिस चौकन्नी हो गई।

कुछ थ्योरीज़ तो ये भी कहती हैं कि राजन खुद को गिरफ्तार करवाना चाहता था। वो समझ चुका था कि अगर उसे अपनी गैंग चलानी है और अपनी जान सलामत रखनी है, तो यहाँ-वहाँ भटकने से कुछ नहीं होगा, और उसके लिए सबसे सेफ जगह हिंदुस्तान की जेल ही है।

तिहाड़ जेल

इंडोनेशिया ने राजन को भारत को सौंप दिया और उसे इंडिया लाया गया। उसे हिंदुस्तान की सबसे सुरक्षित और मशहूर जेल, तिहाड़ में रखा गया। उस पर एक्सटॉर्शन, मर्डर और स्मगलिंग के बहुत सारे केस हैं। जे डे केस में उसे उम्रकैद हो चुकी है और आज वो तिहाड़ में अपनी सजा काट रहा है। जुलाई २०२६ में चेन्नई की स्पेशल CBI कोर्ट ने फर्जी पासपोर्ट केस में भी उसे ७ साल की सजा सुनाई, जो उम्रकैद के अलावा है।

तिहाड़ जेल, दिल्ली
तिहाड़ जेल, दिल्ली

छोटा राजन जैसा आदमी, जिसकी अनुमानित नेट वर्थ १००० करोड़ से ज़्यादा बताई जाती है और जिसकी गैंग अब भी ऐक्टिव मानी जाती है, क्या तिहाड़ में दुख भरी ज़िंदगी काटता होगा, या ऐशो-आराम से जीता होगा? क्या उसे कड़ी निगरानी में रखा जाता होगा, या टीवी, इंटरनेट और मोबाइल तक सब कुछ इस्तेमाल करके वो अब भी अपनी गैंग चलाता होगा? अपनी राय कमेंट में ज़रूर बताइए।

ये थी चेंबूर के तिलक नगर में ब्लैक में टिकट बेचने वाले राजन निकालजे के छोटा राजन बनने और तिहाड़ तक पहुँचने की पूरी कहानी।

संसाधन / Resources

  • Dongri to Dubai: Six Decades of the Mumbai Mafia, S. Hussain Zaidi
  • Byculla to Bangkok, S. Hussain Zaidi
  • Free Press Journal: Chhota Rajan Gets 7-Year Jail Term In Fake Passport Case By Chennai CBI Court (2026)

चित्र स्रोत / Image Credits

  • Clifton Beach, Karachi — A.Savin, Wikimedia Commons (FAL)
  • Sukhumvit Road, Bangkok — OPK-Photography, Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
  • Samitivej Hospital, Sukhumvit — Sry85, Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
  • Jawaharlal Nehru Port (JNPT) — Event Horizon 299792, Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
  • Powai Lake — Packerworld, Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)
  • Ngurah Rai International Airport, Bali — M Radzi Desa, Wikimedia Commons (GFDL 1.2)
  • Tihar Jail, Delhi — Zuck28, Wikimedia Commons (CC0)

अंतिम तथ्य-जांच: 14 नवम्बर 2026

Reader discussion

अपनी बात साझा करें

कहानी पर अपनी राय या संदर्भ लिखें। तथ्यात्मक सुधार के लिए article link और विश्वसनीय आधार के साथ collab@rajtantrastories.in पर लिखना सबसे प्रभावी रहेगा।

इस कहानी पर कमेंट बंद हैं।

Continue exploring

इसके बाद पढ़ें

रात के समय खाली जेजे हॉस्पिटल गलियारे में गिरी पुलिस टोपी, उलटी ट्रॉली और 3:30 बजाती घड़ी की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स14 मिनट

छोटा राजन Part 3: जेजे हॉस्पिटल शूटआउट और दाऊद से बढ़ती दूरी

इब्राहिम पारकर की हत्या, जेजे हॉस्पिटल का शूटआउट, छोटा शकील की चालें, केटी थापा का कत्ल, नेपाल में राजन के बचपन के दोस्तों की मौत और १९९३ बम ब्लास्ट के बाद डी कंपनी से अलग होने का फैसला।

बारिश में पुराने मुंबई के सामने जमीन का नक्शा, रोटरी फोन और आमने-सामने रखे शतरंज के मोहरों की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स12 मिनट

छोटा राजन Part 2: डी कंपनी का ‘नाना’ और गवली गैंग से खूनी जंग

दाऊद के दुबई जाने के बाद मुंबई में छोटा राजन का राज, दुबई में सुजाता से शादी, जोगेश्वरी के प्लॉट पर रमा नाइक का झगड़ा, अरुण गवली की बगावत, अशोक जोशी और पापा गवली के कत्ल और राजन का दुबई शिफ्ट होना।

दादर होटल के पुलिस जाल के साथ सुरेश मंचेकर की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स11 मिनट

सुरेश मंचेकर Part 1: वो डॉन जिसकी गैंग माँ और बहन चलाती थीं

परेल के एक मिल मजदूर के बेटे सुरेश मंचेकर की कहानी—मिल हड़ताल, गुरु साटम को थप्पड़, डी कंपनी से बगावत, कॉरपोरेटर विनायक वाबले का कत्ल, ठाणे-कल्याण में 'फ़ैमिली बिज़नेस' वाली गैंग और पुलिस के जाल तक।