RajTantraCrime & Mystery
0% पढ़ा

अंडरवर्ल्ड फाइल्स

सुरेश मंचेकर Part 2: ‘शशि शिंदे’ की नकली पहचान और कोल्हापुर का एनकाउंटर

बिल्डर महेंद्र खानविलकर की हत्या, वीकेंड पर गोवा से आने वाले एक्सटॉर्शन कॉल्स, बेलगाँव का 'आम व्यापारी', 'महाराज' कोडवर्ड का राज़ और १५ अगस्त २००३ को कोल्हापुर बस स्टैंड पर नीली चप्पल वाले आदमी का अंत।

कोल्हापुर बस स्टैंड पर सफेद टाटा सुमो, नीली चप्पल और आम की पेटी की संपादकीय कलाकृति
अवधि1994–August 2003
स्थानParel (Samarth Niwas, Shirodkar Market, KEM Hospital), Mumbai; Thane; Kalyan; Goa; Belgaum; Kolhapur (Bus Stand); Mulund
मुख्य लोगSuresh Manchekar, Laxmibai Manchekar, Santosh Naik, Mahendra Khanvilkar, Deepak Sawant, Amol Vichare, Shashikant Birje, PI Ravindra Angre, Supriya Manchekar and Vinayak Manchekar
वर्तमान स्थितिHistorical crime profile — Part 2 of 2 (series finale). सुरेश मंचेकर 15 अगस्त 2003 को कोल्हापुर में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया

दत्त कृपा सोसाइटी और १५ लाख की माँग

मुंबई के परेल इलाके में दत्त कृपा कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी नाम की एक बहुत पुरानी सोसाइटी थी, जिसका रिडेवलपमेंट होना था। इसका कॉन्ट्रैक्ट मुंबई के नामी बिल्डर महेंद्र खानविलकर को मिला था, जो कई सालों से मुंबई में कंस्ट्रक्शन के बिज़नेस में थे।

ये बात करीब २००२ की है। एक दिन खानविलकर का फ़ोन बजा। फ़ोन पर था सुरेश मंचेकर।

२००२ तक सुरेश मंचेकर एक नामी गैंगस्टर बन चुका था, और बिल्डर्स उसके एक्सटॉर्शन कॉल्स को गंभीरता से लेते थे। लेकिन पिछले ७-८ सालों में ठाणे पुलिस ने, और खासकर पुलिस ऑफिसर रवींद्र आंग्रे ने, मंचेकर गैंग के कई गुर्गों को मार गिराया था। लोगों को लगने लगा था कि मंचेकर गैंग अब करीब-करीब खत्म हो चुकी है, और अगर थोड़ी-बहुत ताकत बची भी है, तो सिर्फ़ ठाणे और कल्याण में। मुंबई में अब मंचेकर का कोई ज़ोर नहीं रहा।

अपनी दहशत फिर से कायम करने के लिए मंचेकर को कोई बड़ा कांड करना ज़रूरी लगने लगा। उसने महेंद्र खानविलकर से १५ लाख रुपये प्रोटेक्शन मनी माँगी, और साथ ही दत्त कृपा सोसाइटी के रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट में एक फ्लैट भी। खानविलकर ने पैसे और फ्लैट, दोनों देने से इनकार कर दिया।

मंचेकर वैसे भी कुछ बड़ा करने की तलाश में था। उसके घर पर खास लोगों की एक मीटिंग हुई, जिसमें उसकी ७२ साल की माँ भी शामिल थीं। और फिर तय हुआ कि खानविलकर को मारना होगा।

शिरोडकर मार्केट के सामने फायरिंग

२२ मार्च २००२ का दिन था। महेंद्र खानविलकर और उनके असिस्टेंट दीपक सावंत अपने काम से परेल की समर्थ निवास बिल्डिंग में आए थे, जो शिरोडकर मार्केट के ठीक सामने थी। पूरा इलाका भीड़भाड़ वाला था।

दोपहर करीब डेढ़ बजे अमोल विचारे और शशिकांत बिरजे नाम के दो शूटर्स बाइक पर आए और तुरंत खानविलकर पर गोलियाँ बरसाने लगे। खानविलकर को भागने का मौका तक नहीं मिला। ये देखकर दीपक सावंत अपने बॉस को बचाने के लिए शूटर्स की तरफ़ बढ़े, लेकिन उन पर भी कई गोलियाँ दाग दी गईं। दोनों ख़ून से लथपथ होकर ज़मीन पर गिर पड़े।

Shirodkar Market, Parel
Shirodkar Market, Parel

पुलिस कंट्रोल रूम को मैसेज भेजा गया, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही वहाँ के लोगों ने दोनों को पास के KEM हॉस्पिटल पहुँचा दिया। भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन के स्टेशन ऑफिसर शाहजी नरसूदे और पुलिस इंस्पेक्टर अरविंद पाटिल हॉस्पिटल पहुँचे। खानविलकर हॉस्पिटल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ चुके थे, लेकिन दीपक सावंत अभी ज़िंदा थे।

पुलिस ने उनका बयान लिया। उन्होंने हमलावरों का हुलिया बताया, और सबसे अहम बात, बयान पर उनके दस्तख़त भी लिए गए। आगे चलकर कोर्ट में यही बयान और उस पर किए गए दस्तख़त सबसे बड़ा सबूत बने। ये पूरी डिटेल्स बॉम्बे हाई कोर्ट में दाखिल केस फाइल में दर्ज हैं।

'महाराज' और मोबाइल का ज़माना

सुरेश मंचेकर की दहशत दिन-ब-दिन बढ़ रही थी। ठाणे पुलिस के इंस्पेक्टर रवींद्र आंग्रे और उनकी टीम ने मंचेकर को पकड़ना अपना मिशन बना लिया था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि मंचेकर का कोडवर्ड 'महाराज' है।

पुलिस मंचेकर गैंग के हर आदमी को ट्रैक करने की कोशिश कर रही थी। खानविलकर मर्डर केस में पुलिस ने मंचेकर की माँ लक्ष्मीबाई को भी गिरफ्तार कर लिया था। मंचेकर गैंग का एक आदमी, संतोष नाइक, लगातार पुलिस के रडार पर था और पुलिस उसके फ़ोन कॉल्स पर नज़र रख रही थी।

अब तक मंचेकर गैंग पब्लिक टेलीफ़ोन्स का इस्तेमाल करती थी, इसलिए पुलिस उनके कॉल्स ट्रेस नहीं कर पाती थी। लेकिन अब भारत में मोबाइल फ़ोन आम हो चुके थे और मुंबई अंडरवर्ल्ड ने भी इन्हें अपना लिया था। कॉलर की लोकेशन ट्रैक करना अब पुलिस के लिए आसान हो गया था।

लेकिन सुरेश मंचेकर कच्चा खिलाड़ी नहीं था।

वीकेंड पर गोवा, बाक़ी दिन बेलगाँव

मंचेकर गैंग की तरफ़ से बिल्डर्स को जितने भी एक्सटॉर्शन कॉल्स आते थे, हैरानी की बात ये थी कि वो सब सिर्फ़ वीकेंड पर, यानी शनिवार और रविवार को ही आते थे, और सबकी लोकेशन गोवा होती थी।

मामला ये था कि सुरेश मंचेकर हर वीकेंड गोवा के किसी न किसी फ़ाइव-स्टार होटल में फर्जी नाम से कमरा बुक करके जाता था। उसके पास २४ सिम कार्ड्स थे। एक्सटॉर्शन कॉल करने के बाद वो फ़ोन बंद कर देता था। उस वक्त मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर्स के दफ़्तर शनिवार-रविवार को बंद रहते थे, इसलिए पुलिस को कॉल की लोकेशन सोमवार को मिलती थी, और तब तक मंचेकर गोवा छोड़ चुका होता था।

गोवा से महज़ करीब १०० किलोमीटर दूर कर्नाटक में बेलगाँव शहर है, और मंचेकर यहीं रहता था। पुलिस को बेलगाँव के इस ठिकाने की कोई खबर नहीं थी। रवींद्र आंग्रे और उनकी टीम ने गोवा के ५० से ज़्यादा चक्कर लगाए, लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा।

आम का व्यापारी 'शशि शिंदे'

फिर पुलिस ने मंचेकर के खास आदमी संतोष नाइक का एक फ़ोन कॉल ट्रेस किया, जिसकी लोकेशन बेलगाँव थी। पुलिस को लगा कि आख़िरकार ब्रेकथ्रू मिल गया है। एक टीम बेलगाँव में उस लोकेशन पर पहुँची, तो वहाँ एक बहुत बड़ा बंगला मिला। ये बंगला शशि शिंदे नाम के एक आम व्यापारी का था।

आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि शशि शिंदे बहुत रईस आदमी है, उसका हापुस आम का बड़ा कारोबार है, और वो कभी किसी से मिलता-जुलता नहीं। पुलिस को एक बार फिर निराशा हाथ लगी और टीम खाली हाथ मुंबई लौट गई।

बेलगावी हापुस (अल्फांसो) आम
बेलगावी हापुस (अल्फांसो) आम

लेकिन ये शशि शिंदे कोई और नहीं, बल्कि खुद सुरेश मंचेकर था। बेलगाँव में उसने अपनी एक नई पहचान बना ली थी।

दिन बीतते जा रहे थे, लेकिन मंचेकर का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। उसकी माँ और बहन को पुलिस ज़्यादा देर हिरासत में नहीं रख पा रही थी।

'महाराज' का असली राज़

अगस्त २००३ में पुलिस संतोष नाइक का एक कॉल सुन रही थी, जो उसने एक बड़े बिल्डर को पैसे माँगने के लिए किया था। कॉल पर संतोष ने खुद को 'महाराज' बताया। अब पुलिस को साफ़ हो गया कि 'महाराज' नाम मंचेकर का नहीं, बल्कि संतोष नाइक का था।

उसी कॉल पर संतोष नाइक ने बिल्डर से कहा कि वो उसकी बात सुरेश मंचेकर से करवाएगा। पुलिस के लिए ये सबसे बड़ा अलर्ट था। उस ज़माने में प्रीपेड सिम कार्ड में कॉल फ़ॉरवर्ड करने की सुविधा नहीं होती थी, इसका मतलब था कि संतोष नाइक इस वक्त सुरेश मंचेकर के साथ ही है।

वो दिन था १५ अगस्त २००३। पुलिस को पक्का पता था कि संतोष नाइक महाराष्ट्र के कोल्हापुर में है। रवींद्र आंग्रे और ठाणे पुलिस की एक टीम तुरंत कोल्हापुर के लिए रवाना हुई। आंग्रे का खबरी नेटवर्क एक्टिवेट किया गया, और पुलिस के कोल्हापुर पहुँचने से पहले ही एक खबरी ने कन्फर्म कर दिया कि सुरेश मंचेकर कोल्हापुर में है।

कोल्हापुर
कोल्हापुर

कोल्हापुर बस स्टैंड और नीली चप्पल

कोल्हापुर बड़ा शहर है, और इतने बड़े शहर में मंचेकर को ढूँढा कैसे जाए, ये सवाल पुलिस को परेशान कर रहा था। ज़्यादा नाकाबंदी करने पर डर था कि कहीं मंचेकर कोल्हापुर से भी न भाग जाए। यहाँ आंग्रे का खबरी नेटवर्क काम आया। एक खबरी ने मंचेकर को कोल्हापुर बस स्टैंड के इलाके में देखा था।

मंचेकर बहुत होशियार था और भेस बदलने में माहिर था। उस दिन उसने बहुत सादे कपड़े पहने थे, ताकि भीड़ में आसानी से घुल-मिल जाए। उसने ये भी सोचा था कि इतने भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस कभी शूटआउट का जोखिम नहीं उठाएगी, क्योंकि भगदड़ में कई बेगुनाह लोगों की जान जा सकती थी। इसीलिए उसने जानबूझकर बस स्टैंड के पास रुकना ठीक समझा।

सारे पुलिस वाले सिविल कपड़ों में बस स्टैंड के आसपास फैल गए। जब कोई पुलिस ऑफिसर महीनों तक किसी गैंगस्टर के पीछे लगा रहता है, तो उसके बारे में उसका अंदाज़ा बहुत तेज़ हो जाता है। रवींद्र आंग्रे भी इसी भरोसे पर एक सफ़ेद टाटा सुमो पर नज़र रखे हुए थे। उस गाड़ी से एक बहुत आम-सा आदमी नीचे उतरा।

आंग्रे का सिक्स्थ सेंस कह रहा था कि यही मंचेकर है, लेकिन पक्का नहीं था। उन्होंने अपने खबरी को फ़ोन किया। खबरी ने पूछा, "साहब, क्या उस आदमी ने पैरों में नीले रंग की हवाई चप्पल पहनी है?" और सचमुच, टाटा सुमो वाले उस आदमी ने नीली चप्पल ही पहनी थी।

कन्फर्मेशन मिलते ही आंग्रे ने पूरी टीम को अलर्ट किया। टाटा सुमो और उस आदमी को चारों तरफ़ से घेर लिया गया और आसपास के लोगों को दूर हटा दिया गया। मंचेकर पूरी तरह फँस चुका था और निकलने का कोई रास्ता नहीं दिख रहा था।

१५ अगस्त २००३

पुलिस के मुताबिक, टाटा सुमो की आड़ लेकर सुरेश मंचेकर ने अपनी पर्सनल रिवॉल्वर से पुलिस पर दो गोलियाँ चलायीं, और पुलिस की जवाबी फायरिंग में वो मारा गया।

रवींद्र आंग्रे के ५२ एनकाउंटर पूरे हो चुके थे, लेकिन उन सबमें मंचेकर का एनकाउंटर सबसे हाई-प्रोफाइल था।

इस केस में पुलिस पर कई सवाल भी उठे। जो लोग मंचेकर को निजी तौर पर जानते थे, उनका कहना था कि अगर मंचेकर पूरी तरह फँस चुका था, तो वो कभी पुलिस पर फायर नहीं करता। कई लोगों का मानना था कि मंचेकर ने सरेंडर कर दिया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे मारकर एनकाउंटर बता दिया।

कहानी जो भी हो, १५ अगस्त २००३ को ठाणे और कल्याण के व्यापारियों को मंचेकर के आतंक से आज़ादी मिल गई। महज़ ३९ साल की उम्र में एक बहुत होशियार और महत्वाकांक्षी इंसान की ज़िंदगी खत्म हो चुकी थी। यही होशियारी अगर उसने सही जगह लगायी होती, कानून और मेहनत के रास्ते पर चला होता, तो यकीनन वो ज़िंदगी में बहुत बड़ा बन सकता था। लेकिन क्राइम का रास्ता हमेशा इंसान और उसके परिवार के लिए दुख भरी ज़िंदगी ही लेकर आता है।

KEM हॉस्पिटल की नर्स सुप्रिया

१९९४ में किसी वजह से घायल होने पर सुरेश मंचेकर मुंबई के KEM हॉस्पिटल में भर्ती हुआ था। वहाँ सुप्रिया नाम की एक नर्स थी। इलाज करते-करते सुप्रिया को सुरेश से प्यार हो गया और दोनों ने शादी कर ली। उनका एक बेटा है, विनायक मंचेकर।

सुरेश मंचेकर के जाने के बाद सुप्रिया और उनका बेटा विनायक अंडरवर्ल्ड की दुनिया से दूर हो चुके हैं और मुंबई के मुलुंड में एक आम ज़िंदगी जी रहे हैं।

ये थी सुरेश मंचेकर की कहानी।

संसाधन / Resources

  • Byculla to Bangkok — S. Hussain Zaidi
  • The Times of India: Builder shot at, associate killed in Parel (23 March 2002)
  • The Telegraph: Don in hiding, mother in jail for murder (5 August 2003)

अंतिम तथ्य-जांच: 15 नवम्बर 2026

Reader discussion

अपनी बात साझा करें

कहानी पर अपनी राय या संदर्भ लिखें। तथ्यात्मक सुधार के लिए article link और विश्वसनीय आधार के साथ collab@rajtantrastories.in पर लिखना सबसे प्रभावी रहेगा।

इस कहानी पर कमेंट बंद हैं।

Continue exploring

इसके बाद पढ़ें

रात में खुले दरवाजे वाली पुरानी कार, सीलबंद यात्रा दस्तावेज, उड़ता विमान और दूर क्रूज़ जहाज की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स13 मिनट

छोटा राजन Part 4: दुबई से फरारी और डी कंपनी के ख़िलाफ़ जंग

क्रूज़ पार्टी पर राजन को मारने का प्लान, इंडियन एम्बेसी के ज़रिए दुबई से फरारी, नई पहचान 'मोहन कुमार', डी कंपनी के फाइनेंस पर चोट और कुकरेजा, वाहिद, सावत्या और मिर्ज़ा दिलशाद बेग के कत्ल।

बड़ा राजन, विंटेज टाइपराइटर और पुराने मुंबई के औद्योगिक परिसर की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स10 मिनट

बड़ा राजन: एक टाइपराइटर चोर कैसे बना डॉन

केरल से मुंबई आए राजन नायर की कहानी—हिंदुस्तान अपैरल की नौकरी, टाइपराइटर चोरी, गोल्डन गैंग, छोटा राजन और अब्दुल कुंजू से टकराव तक।

पुराने सहकार सिनेमा और मुंबई की पृष्ठभूमि में छोटा राजन की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स15 मिनट

छोटा राजन Part 1: ब्लैक में टिकट बेचने वाला लड़का कैसे बना डी कंपनी का बॉस

चेंबूर के तिलक नगर से निकले राजन निकालजे की कहानी—सहकार सिनेमा पर पुलिस से टकराव, गोल्डन गैंग, बड़ा राजन का कत्ल, अब्दुल कुंजू से बदला और दाऊद के दुबई भागने के बाद मुंबई में डी कंपनी की कमान तक।