सहकार सिनेमा का वो दिन
१९७९ के मार्च महीने की ये बात है। चेंबूर के तिलक नगर इलाके के सहकार सिनेमा में मिथुन चक्रवर्ती की पिक्चर लगी थी, 'तेरे प्यार में'।
मिथुन दा उस वक्त के यूथ आइकॉन बन चुके थे और पिक्चर सुपरहिट थी। टिकट्स मिलना मुश्किल था। लोग ब्लैक में ज़्यादा पैसे देकर भी टिकट्स खरीदने के लिए तैयार थे।
सहकार सिनेमा के कंपाउंड में कुछ लड़के ब्लैक में टिकट्स बेच रहे थे। ये उनका रोज़ का काम था। ये सारे लड़के तिलक नगर के रहने वाले थे। महाराष्ट्र सरकार की एक बॉडी है म्हाडा। म्हाडा की तरफ़ से मजदूरों के लिए एक बहुत बड़ी अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम बनायी गई थी, जिसका नाम था तिलक नगर।
ये सारे लड़के महाराष्ट्रीयन मजदूरों के बेटे थे। उनका एक लीडर था, महज़ २२ साल का, जिसका नाम था राजन निकालजे।
टिकट्स ब्लैक में बिकने की वजह से ज़्यादातर सिनेमा घरों में आम आदमी के लिए टिकट्स अवेलेबल ही नहीं होती थीं। इसीलिए मुंबई पुलिस ने ब्लैक में टिकट्स बेचने वालों के ख़िलाफ़ स्ट्रिक्ट एक्शन लेने की ठान ली।
जब राजन और उसके दोस्त सहकार सिनेमा पर ब्लैक में टिकट्स बेच रहे थे, तभी अचानक पुलिस की रेड पड़ी। करीब ४-५ पुलिस वाले ब्लैक में टिकट बेचने वालों को पकड़ रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने लाठी चार्ज भी शुरू कर दिया। राजन ने देखा कि उसके दोस्तों को पुलिस ने पकड़ रखा है और उन्हें लाठी से मार रही है। इतने में एक पुलिस कॉन्स्टेबल राजन की तरफ़ बढ़ा और उसे भी लाठी से मारने लगा।
राजन सिनेमा कंपाउंड के गेट पर ही खड़ा था और पूरी पुलिस कंपाउंड के अंदर थी। भागने का पूरा चांस था। लेकिन अपने दोस्तों को छोड़कर अपनी जान बचाना राजन की फ़ितरत में नहीं था। उसने उस पुलिस वाले की लाठी छीन ली और उसी पर हमला कर दिया। फिर वो उन सारे पुलिस वालों को मारने लगा जो उसके दोस्तों को मार रहे थे। इस तरह के अटैक की पुलिस को बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। राजन का ये रूप देखकर उसके दोस्तों को भी हिम्मत आई और उन्होंने भी पुलिस पर हमला कर दिया। थोड़ी ही देर में राजन और उसके दोस्त वहाँ से भाग चुके थे।
ये कोई मामूली घटना नहीं थी। पहली बार किसी छोटे-मोटे क्रिमिनल ने पुलिस की वर्दी पर हाथ डाला था। मुंबई के पूर्वी इलाकों की करीब हर गैंग तक ये बात पहुँच गई थी।

मजदूर का बेटा और गूँगा गैंग
राजन सदाशिव निकालजे एक मजदूर का बेटा था। उसके पापा मुंबई के नज़दीक ठाणे में होचेस्ट फार्मास्युटिकल्स नाम की दवाई बनाने वाली कंपनी में काम करते थे।
राजन के तीन भाई और दो बहनें थीं। इतना बड़ा परिवार सिर्फ़ पापा की छोटी-सी कमाई पर नहीं चल सकता था। पैसों की बहुत तंगी थी, इसीलिए ५वीं कक्षा के बाद राजन ने स्कूल जाना बंद कर दिया। वो छोटे-मोटे काम और मजदूरी करने लगा। जैसे-जैसे बड़ा हुआ, वैसे-वैसे गलत संगत में पड़ने लगा। तिलक नगर के एरिया में उस वक्त जगदीश शर्मा की गैंग ऐक्टिव थी। उसे गूँगा गैंग भी कहते थे, क्योंकि जगदीश शर्मा बोल नहीं सकता था।
राजन अब मजदूरी कर-करके थक चुका था। उसे कम काम में ज़्यादा पैसा कमाना था, और उसके लिए गलत काम करना पड़ता। अगर गलत काम करना है तो किसी गैंग का सपोर्ट होना जरूरी था। राजन ने जगदीश शर्मा की गैंग जॉइन कर ली। अब वो बाक़ी गुंडों के साथ रहकर हर तरह के गलत धंधे करने लगा: शराब की तस्करी, मूवी टिकट्स की ब्लैक मार्केटिंग, छोटे दुकानदारों और रेहड़ी वालों से हफ़्ता वसूली।

गोल्डन गैंग और 'छोटा राजन' नाम
सहकार सिनेमा की घटना के बाद पूर्वी मुंबई की हर गैंग राजन को अप्रोच करने लगी थी। हर कोई चाहता था कि राजन उनकी गैंग जॉइन करे। ऐसे में ही राजन नायर की गोल्डन गैंग ने राजन निकालजे को मिलने बुलाया।
गोल्डन गैंग का सरगना था राजन नायर। उसने राजन निकालजे के बारे में बहुत सुना था और अपनी गैंग को और मजबूत करने के लिए उसे ऐसी ही यंग ब्रिगेड की जरूरत थी। राजन निकालजे को गोल्डन गैंग में शामिल कर लिया गया। और यहीं पर गैंग के लीडर राजन नायर का नाम पड़ा बड़ा राजन, और राजन निकालजे का नाम पड़ा छोटा राजन।
गोल्डन गैंग का मुंबई के पूर्वी इलाके में राज चलता था। अब छोटा राजन बेख़ौफ़ होकर काम करने लगा। उसे कोई भी काम दिया जाता, तो वो उसे पूरी प्लानिंग के साथ खत्म करके ही लौटता। एक और खास बात ये थी कि छोटा राजन सिर्फ़ मैनेजर नहीं था, वो खुद सड़क पर उतरकर ऑपरेशन में शामिल होता था।
एक इंसिडेंट से ये बात साफ़ होती है। करीब १९८३ में गोल्डन गैंग का बड़ा पैसा शराब की स्मगलिंग से आता था। रात के अंधेरे में कार में शराब की बोतलें भरकर तेज़ी से चलायी जाती थीं। पुलिस ने रात में जगह-जगह नाकाबंदी शुरू कर दी थी। राजन के आदमी शराब से भरी कार निकालने में डर रहे थे, तब खुद छोटा राजन ने पुलिस नाकाबंदी से कार निकाली।
अपने डेयरडेविल अंदाज़ और गैंग के लड़कों का ख्याल रखने की आदत की वजह से छोटा राजन गोल्डन गैंग में पॉपुलर होने लगा था।
सह्याद्रि क्रीड़ा मंडल और सुजाता
चेंबूर के तिलक नगर में, जहाँ वो रहता था, उसने एक गणेश मंडल शुरू किया, जिसका नाम था सह्याद्रि क्रीड़ा मंडल। ये मंडल हर साल गणेश उत्सव में पंडाल लगाने लगा और वहाँ के लड़कों के लिए अच्छे काम करने लगा। इसका पूरा पैसा छोटा राजन देता था। इसकी वजह से वो चेंबूर के इलाके में फेमस होने लगा और लोग उसे मानने लगे।
इसी सह्याद्रि मंडल के ज़रिए छोटा राजन की मुलाक़ात हुई सुजाता नानावरे से। सुजाता भी तिलक नगर की ही रहने वाली थी। राजन उसे पहले से जानता था और मन ही मन चाहता भी था। दोनों की मुलाक़ातें बढ़ने लगीं।

बड़ा राजन का कत्ल
३० सितंबर १९८३ का दिन मुंबई अंडरवर्ल्ड के इतिहास में बहुत बड़ा बदलाव लेकर आया। छोटा राजन के गुरु और गोल्डन गैंग के मुखिया राजन नायर उर्फ़ बड़ा राजन को एस्प्लेनेड कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। एस्प्लेनेड कोर्ट, जिसे किला कोर्ट भी कहते हैं, मुंबई के फोर्ट एरिया में है। बहुत बड़े पुलिस बंदोबस्त के बावजूद बड़ा राजन को कोर्ट कंपाउंड में ही मार दिया गया।
बड़ा राजन ने पठान गैंग के अमीरजादा को भी ऐसे ही कोर्ट में मरवाया था। पठान गैंग के लीडर करीम लाला ने बड़ा राजन को मारने का काम उसके सबसे बड़े दुश्मन, यानी अब्दुल कुंजू को दिया था। अब्दुल कुंजू ने चंद्रशेखर सफालिका नाम के एक ऑटो रिक्शा ड्राइवर को इस काम के लिए तैयार किया, और ३० सितंबर के दिन बड़ा राजन को पॉइंट ब्लैंक रेंज से चार गोलियाँ मारी गईं।
जब बड़ा राजन को मारा गया, तब छोटा राजन कोर्ट में नहीं था, वो चेंबूर के अपने घर पर था। ये खबर सुनकर वो गुस्से से लाल हो गया। मुंबई अंडरवर्ल्ड की बाक़ी गैंग्स को लग रहा था कि बड़ा राजन के मरने से अब गोल्डन गैंग खत्म हो जाएगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। छोटा राजन ने गैंग की कमान संभाली। उसने गैंग के सभी मेंबर्स को इकट्ठा किया और राजन नायर की मौत का बदला लेने की कसम खाई। अपने नेटवर्क से उसे पता चल गया था कि ये काम पठान गैंग का है और इसे अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि अब्दुल कुंजू है।

अब्दुल कुंजू की तलाश
छोटा राजन ने तय कर लिया कि वो अब्दुल कुंजू को मार देगा। गोल्डन गैंग के सभी मेंबर्स कुंजू से नाराज़ थे, क्योंकि कुंजू क्राइम की दुनिया में राजन नायर की वजह से ही आया था। वो कुछ समय तक गोल्डन गैंग का हिस्सा भी था। गैंग से अलग होने के बाद उसने राजन नायर की गर्लफ्रेंड से शादी कर ली थी, और ये ज़ख्म राजन नायर के दिल में आख़िर तक रहा।
गोल्डन गैंग के सभी मेंबर्स ने अपना-अपना खबरी नेटवर्क एक्टिवेट किया और कुंजू को ढूँढने लगे। कुंजू को जब पता चला कि छोटा राजन पागलों की तरह उसे ढूँढ रहा है, तो मदद मांगने वो पठान गैंग, यानी करीम लाला के पास गया। पठान गैंग ने हाथ खड़े कर दिए। कुंजू से कहा गया कि वो अपनी दुश्मनी खुद निपटाए।
कुंजू अपनी जान बचाने के लिए भाग रहा था, लेकिन वो जहाँ भी छुपता, कुछ ही घंटों में छोटा राजन उसे ढूँढ लेता। कई बार दोनों का आमना-सामना हुआ, लेकिन कुंजू भागने में कामयाब रहा। शायद छोटा राजन की ताकत पहचानने में उसने गलती कर दी थी। कई दिन तक ये खेल चला, लेकिन छोटा राजन रुकने का नाम नहीं ले रहा था। आख़िरकार कुंजू ने तय किया कि एक ही जगह है जहाँ वो सेफ रह सकता है, और वो है पुलिस स्टेशन। ९ अक्टूबर १९८३ को अब्दुल कुंजू ने मुंबई क्राइम ब्रांच के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे कस्टडी में लेकर जेल भेज दिया।

ट्रैफिक सिग्नल और जेजे हॉस्पिटल पर हमले
लेकिन यहाँ भी छोटा राजन की पहुँच थी। उसने हर उस पुलिस ऑफिसर को रिश्वत दी जो उसे कुंजू की इनफार्मेशन दे सके। २२ जनवरी १९८४ को कुंजू की विखरोली कोर्ट में पेशी थी। राजन को ये खबर मिल चुकी थी और कोर्ट में ही कुंजू को मारने का प्लान था। ये बात कुंजू भी समझता था, इसीलिए उसने पुलिस के साथ सेटिंग कर ली थी कि पुलिस वैन की जगह उसे प्राइवेट कार में कोर्ट से ले जाया जाएगा।
हियरिंग पूरी होने के बाद पुलिस ने बहुत सीक्रेटली कुंजू को एक प्राइवेट एम्बेसडर कार में बिठाया। उसके साथ २ पुलिस कॉन्स्टेबल थे। कार चलने लगी और कुछ ही मिनटों में कुंजू ने देखा कि एक कार उनका पीछा कर रही है। वो कार नज़दीक आई तो कुंजू को अपनी आँखों पर भरोसा नहीं हुआ। उस कार में छोटा राजन बैठा था। कार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी और छोटा राजन और उसके आदमियों ने कुंजू पर फायरिंग शुरू कर दी। कुंजू के कंधे पर गोली लगी और एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी ज़ख्मी हुआ। लेकिन हैरानी की बात ये कि कुंजू वहाँ से भागने में कामयाब रहा और भागकर वापस पुलिस स्टेशन में सरेंडर हो गया।
कुछ दिन बाद कंधे की चोट की वजह से पुलिस उसे जेजे हॉस्पिटल ले जा रही थी। हॉस्पिटल में डॉक्टर की केबिन के बाहर एक पेशेंट बैठा था, जिसके हाथ पर प्लास्टर लगा था। जैसे ही पुलिस कुंजू को लेकर आई, उस पेशेंट ने प्लास्टर में छुपाई हुई रिवॉल्वर निकाली और कुंजू पर फायर कर दिया। हॉस्पिटल में दूसरे पेशेंट्स की भी भीड़ थी, और इस बार भी कुंजू बच निकला, हालाँकि उसके दूसरे कंधे पर गोली लगी। इस घटना में बेवजह एक पेशेंट की जान चली गई।

पुलिस के लिए ये बहुत बड़ा सरप्राइज़ था। छोटा राजन के काम करने के तरीके अनोखे थे, और हॉस्पिटल वाला हमला तो किसी ने सोचा भी नहीं था। इसी घटना ने दाऊद का ध्यान खींच लिया।
दाऊद से मुलाक़ात
दाऊद ने छोटा राजन को अपने ऑफिस मिलने बुलाया। दाऊद का ऑफिस भिंडी बाज़ार के मुसाफिरखाना में था। अपने गुरु की मौत का बदला लेने की छोटा राजन की लॉयल्टी और काम को अंजाम देने के उसके क्रिएटिव तरीके दाऊद को पसंद आए थे। उसने राजन को हर मुमकिन मदद का प्रॉमिस दिया।

शेल कॉलोनी का क्रिकेट मैदान
ऐसे में १९८५ का साल आ गया। बड़ा राजन की मौत को करीब दो साल हो चुके थे। अब्दुल कुंजू को लगा कि अब छोटा राजन ने उसे ढूँढना बंद कर दिया है। वो अपने घर वापस आया। उसकी गैंग करीब-करीब खत्म हो चुकी थी और उसे नए सिरे से गैंग तैयार करनी थी। धीरे-धीरे चीज़ें नॉर्मल हो रही थीं।
वो दिन था ९ जुलाई १९८५ का। अब्दुल कुंजू अपने कुछ साथियों के साथ चेंबूर की शेल कॉलोनी के मैदान पर क्रिकेट खेल रहा था। सभी लोग क्रिकेट की वाइट यूनिफॉर्म में थे। छोटा राजन के एक खबरी ने ग्राउंड पर कुंजू को देखा और राजन को खबर कर दी। राजन अपने ७-८ खास लोगों को लेकर शेल कॉलोनी पहुँच गया।
कई लोग ग्राउंड के किनारे बैठकर मैच देख रहे थे। राजन और उसके आदमी भी उन्हीं के बीच जाकर बैठ गए। पहले कन्फर्म किया गया कि कुंजू ग्राउंड पर ही है, फिर मौका देखकर राजन और उसके आदमियों ने कुंजू और उसके साथियों को ग्राउंड पर ही घेर लिया और सब पर गोलियाँ चला दीं। कुंजू के साथी मारे गए। ये देखकर कुंजू ग्राउंड से भागा, लेकिन राजन ने उसका पीछा किया और उसे गोलियों से भून दिया। अब छोटा राजन मुंबई के पूर्वी हिस्से का बेताज डॉन बन चुका था।
डी कंपनी में एंट्री
दाऊद की नज़रों में छोटा राजन बहुत ऊपर उठ चुका था। एक ऐसा इंसान जिसने अपने गुरु की मौत का बदला लिया। कुंजू को ढूँढने में करीब दो साल लगे, लेकिन जो काम हाथ में लिया, उसे पूरा करके ही छोड़ा। इन सब वजहों से दाऊद और छोटा राजन की नज़दीकियाँ बढ़ने लगीं। दाऊद ने उसे डी कंपनी जॉइन करने का ऑफर दिया, और छोटा राजन अपने सभी साथियों के साथ डी कंपनी में शामिल हो गया।
कमिश्नर सोमन और दाऊद का दुबई भागना
इधर मुंबई में हालात तेज़ी से बदल रहे थे। १९८५ में मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर बने डी. एस. सोमन, जिन्होंने ऑर्गनाइज़्ड क्राइम के ख़िलाफ़ बड़ी मुहिम चलायी। करीम लाला और हाजी मस्तान अब उतने ऐक्टिव नहीं थे। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर मधुकर झेंडे ने करीम लाला को NSA के तहत गिरफ्तार करवा दिया था। अब सिर्फ़ दाऊद ही एक बड़ा डॉन बचा था जो गिरफ्तार नहीं हुआ था।
दाऊद पर पहले से कई क्रिमिनल केस चल रहे थे। १९८४ में दाऊद ने अपने बड़े भाई शबीर की मौत का बदला लेने के लिए समद खान को मरवा दिया था। वो केस भी उस पर दर्ज था और वो बेल पर था। १९८६ में कमिश्नर सोमन ने उसकी सारी बेल्स कैंसिल करवा दीं और उसे पकड़ने की ठान ली।

बदलते हालात दाऊद भी देख रहा था। उसे समझ आ गया था कि ज़्यादा दिन तक वो मुंबई में नहीं रह पाएगा। पिछले दो सालों से वो इसकी प्लानिंग कर रहा था और इसी सिलसिले में कई बार दुबई जाकर आ चुका था। दाऊद ने तय किया कि अब वो अपनी गैंग दुबई से चलाएगा। लेकिन मुंबई में उसे एक मजबूत आदमी चाहिए था, जो यहाँ रहकर उसके ऑर्डर्स पर अमल करे और गैंग मेंबर्स और बिज़नेसेस को संभाले। ये आसान काम नहीं था, और दाऊद की नज़र में सिर्फ़ एक ही आदमी था: छोटा राजन।
१९८६ में दाऊद की शादी महजबीन से हुई। शादी के ठीक १५ दिन बाद कमिश्नर सोमन ने दाऊद को पकड़ने का एक ऑपरेशन प्लान किया। टीम बहुत ध्यान से चुनी गई और ऑपरेशन की खबर किसी दूसरे पुलिस वाले को नहीं थी। ऑपरेशन बड़ा था, इसलिए कमिश्नर सोमन ने इसकी खबर मंत्रालय में एक मिनिस्टर को दी थी। उस मिनिस्टर ने कहा था कि दाऊद को किसी भी सूरत में मारना नहीं है, ज़िंदा पकड़ना है।
पूरी तैयारी हो चुकी थी। रात के अंधेरे में पुलिस दाऊद के ऑफिस, मुसाफिरखाना, पहुँच गई। लेकिन पुलिस के पहुँचने से सिर्फ़ १० मिनट पहले दाऊद को इस ऑपरेशन की टिप मिल गई और वो वहाँ से भाग गया। उसका पासपोर्ट ज़ब्त था, लेकिन वो इस दिन की तैयारी सालों से कर रहा था। दाऊद ने नकली पासपोर्ट से दिल्ली तक फ्लाइट ली और फिर दिल्ली से दुबई की फ्लाइट पकड़ ली।
अब मुंबई में डी कंपनी का बॉस था छोटा राजन। पिक्चर के टिकट्स ब्लैक में बेचने वाला एक मामूली-सा लड़का अब पूरी मुंबई का सबसे पावरफुल डॉन बन चुका था।
लेकिन ये तो शुरुआत थी। मुंबई में रहते हुए राजन ने कौन-सी वारदातें कीं? अशोक जोशी का मर्डर कैसे करवाया गया? और डी कंपनी से वो कब, कैसे और क्यों अलग हुआ? ये सब जानेंगे इस कहानी के अगले पार्ट्स में।
संसाधन / Resources
- Dongri to Dubai: Six Decades of the Mumbai Mafia, S. Hussain Zaidi
- Byculla to Bangkok, S. Hussain Zaidi
चित्र स्रोत / Image Credits
- Chembur Market — Pradeep Mohandas, Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)
- Sir J.J. Hospital and Grant Medical College (19th-century illustration) — Illustrated London News, Wikimedia Commons (Public domain)
- Bhindi Bazaar — Dsouzamarshall, Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)
अंतिम तथ्य-जांच: 14 नवम्बर 2026



Reader discussion
अपनी बात साझा करें
कहानी पर अपनी राय या संदर्भ लिखें। तथ्यात्मक सुधार के लिए article link और विश्वसनीय आधार के साथ collab@rajtantrastories.in पर लिखना सबसे प्रभावी रहेगा।
इस कहानी पर कमेंट बंद हैं।