हेलन का बंगला और दिलीप कुमार की चिट्ठी
हेलन अपने ही घर के अंदर कदम नहीं रख पा रही थीं। सत्तर के दशक की मशहूर एक्ट्रेस हेलन के घर पर फिल्ममेकर पी. एन. अरोड़ा ने कब्जा कर लिया था। दोनों के बीच पुराना झगड़ा चल रहा था और कोर्ट-कचहरी के रास्ते घर जल्दी वापस मिलना लगभग नामुमकिन लग रहा था। मदद की उम्मीद लेकर हेलन उस दौर के सबसे बड़े सुपरस्टार दिलीप कुमार के पास पहुंचीं। लेकिन दिलीप कुमार ने किसी पुलिस कमिश्नर या मिनिस्टर के नाम कोई सिफारिशी लेटर नहीं लिखा। उन्होंने एक छोटी सी चिट्ठी लिखी, और उस पर नाम लिखा था, करीम लाला।

हेलन वो चिट्ठी लेकर ग्रांट रोड की ताहेर मंजिल पहुंचीं। करीम लाला ने पहले उन्हें पूरी इज्जत के साथ अपनी पत्नी फातिमा के पास अंदर बिठाया और फिर आराम से उनकी पूरी परेशानी सुनी। सब सुनने के बाद करीम ने हेलन से बस इतना कहा, "आप बेफिक्र होकर अपने घर जाइए।"
कुछ ही घंटों बाद जब हेलन अपने घर पहुंचीं, तो वहां का नज़ारा पूरी तरह बदल चुका था। पी. एन. अरोड़ा जा चुके थे। घर का सारा सामान अपनी जगह पर था और घर की चाबी बाहर वॉचमैन के हाथ में छोड़ दी गई थी।
और ये सिर्फ किसी एक फिल्म स्टार की कहानी नहीं थी। ग्रांट रोड की उसी ताहेर मंजिल के बाहर हर शाम और हर रविवार लोगों की लंबी लाइन लगती थी। कोई बूढ़ी औरत आती जिसे मकान-मालिक घर से निकाल रहा होता, कोई व्यापारी आता जिसका पैसा बाजार में डूब गया होता, और उसी लाइन में कई बार खाकी वर्दी वाले पुलिस वाले भी खड़े दिखाई देते थे।

१९५५ की वो दावत
अब सवाल ये है कि जिस आदमी के पास न कोई सरकारी पोस्ट थी, न पुलिस की वर्दी और न कोर्ट की कुर्सी, उसकी एक बात पर मुंबई की गलियों से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक के बड़े-बड़े मामले कैसे सुलझ जाते थे? और इस कहानी का सबसे बड़ा ट्विस्ट तो अभी बाकी है, जो आगे चलकर मुंबई अंडरवर्ल्ड के इतिहास की सबसे खूनी कहानी बनने वाला था।
२६ दिसंबर १९५५ का दिन था। मुंबई के टेमकर मोहल्ले में १० बाय १० के एक छोटे से कमरे में रहने वाले ईमानदार पुलिस हेड कॉन्स्टेबल इब्राहिम कासकर के घर दूसरे बेटे का जन्म हुआ। घर की हालत इतनी तंग थी कि बेटे के जन्म की खुशी में मोहल्ले वालों को दावत देने के पैसे भी इब्राहिम कासकर की जेब में नहीं थे।
तभी उस छोटे से घर के दरवाजे पर छह फुट से लंबा एक पठान आकर खड़ा हुआ। सफेद पठानी सूट, रौबदार चेहरा और चाल में पठानी रुतबा। वो पठान इब्राहिम कासकर को अपना बड़ा भाई मानता था। जब उसे पता चला कि इब्राहिम भाई के घर बेटा हुआ है लेकिन दावत के पैसे नहीं हैं, तो उसने अपनी जेब खोली और पूरे टेमकर मोहल्ले के लिए शानदार दावत का इंतजाम करवा दिया।
उस दिन जिस बच्चे के जन्म की खुशी में वो पठान पूरे मोहल्ले को मिठाई और बिरयानी खिला रहा था, उस बच्चे का नाम रखा गया दाऊद इब्राहिम कासकर। और वो दावत देने वाले पठान का नाम था अब्दुल करीम शेर खान, उर्फ करीम लाला।

करीम लाला को उस दिन अंदाजा भी नहीं था कि जिस बच्चे के जन्म का जश्न वो खुद मना रहा है, वही लड़का आगे चलकर उसके सगे भाई, उसके भतीजे और उसके पूरे पठान साम्राज्य को खत्म कर देगा। लेकिन उस खूनी जंग तक पहुंचने से पहले शुरुआत से समझना होगा कि अफगानिस्तान के पहाड़ों से खाली हाथ आया एक मजदूर बॉम्बे का पहला बादशाह कैसे बना।
कुनार के पहाड़ों से बॉम्बे डॉक्स तक
अब्दुल करीम शेर खान का जन्म १९११ के आसपास अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के शेगल इलाके के एक छोटे से गांव में हुआ था। चारों तरफ पथरीले पहाड़, बड़ा परिवार और इतनी गरीबी कि गुजारा करना मुश्किल था। पठानों के अपने सख्त उसूल थे: जुबान दी तो निभानी है और अपने कबीले के लोगों के साथ हमेशा खड़े रहना है। लेकिन सिर्फ उसूलों से पेट नहीं भरता।

१९३० के दशक में, करीब बीस साल की उम्र में अब्दुल करीम ने अपना गांव छोड़ा और पेशावर के रास्ते उस शहर की तरफ निकल पड़ा जिसे तब बॉम्बे कहा जाता था। यहां उसे पहला काम मिला कर्नाक बंदर और मझगांव डॉक पर बोझा उठाने का।
डॉक पर भारी जूट की बोरियां उठाने के लिए तगड़े मजदूर चाहिए होते थे। करीम का कद छह फुट से ऊपर था और शरीर किसी पहलवान जैसा। बंदरगाह पर उसकी तरह अफगानिस्तान से आए और भी पठान मजदूर काम करते थे, जो धीरे-धीरे करीम के आसपास जुटने लगे। लेकिन करीम समझ चुका था कि दिन भर डॉक पर पसीना बहाकर सिर्फ पेट भरा जा सकता है, एम्पायर खड़ा नहीं किया जा सकता।

बैदा गली का सोशल क्लब
उसने ग्रांट रोड स्टेशन के पास बैदा गली में एक जगह ली और वहां एक सोशल क्लब शुरू किया। आसपास कामाठीपुरा, लैमिंग्टन रोड और नागपाड़ा जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके थे। बाहर से देखने में ये सोशल क्लब था, जहां कैरम और ताश की टेबल लगी थीं, लेकिन अंदर बड़े लेवल पर जुआ चलता था।
क्लब में हर तरह के लोग आते थे, छोटे व्यापारी भी और मिलों के मजदूर भी। कई बार लोग जोश में अपनी पूरी सैलरी जुए में हार जाते। लेकिन हारने के बाद भी उन्हें घर का खर्च चलाना था, कमरे का किराया देना था और राशन खरीदना था। मजबूरी में वो उसी अब्दुल करीम के सामने हाथ फैलाते, जिसके क्लब में कुछ देर पहले अपना सब कुछ हार चुके थे।
दस तारीख का नियम और 'लाला' नाम
यहीं से करीम ने अपना दूसरा धंधा शुरू किया: भारी ब्याज पर उधार देना। उसने एक सख्त नियम बनाया कि जो भी पैसा उधार लेगा, उसे हर महीने की दस तारीख को, यानी मिलों में पगार बंटने के ठीक बाद, ब्याज समेत पैसा लौटाना होगा। इस तरह एक ही छत के नीचे से दो धंधे चलने लगे। क्लब से भी कमाई होती और उधार के पैसों पर मोटा ब्याज भी आता।
अगर कोई दस तारीख को पैसे देने में आनाकानी करता, तो मारपीट की जरूरत कम ही पड़ती थी। करीम के लंबे-चौड़े पठान बस उस आदमी के दरवाजे पर जाकर खड़े हो जाते, और इतने में ही पैसा निकल आता। पश्तो भाषा में बड़े भाई को 'लाला' कहते हैं, और इसी लेन-देन और रौब के साथ अब्दुल करीम का नाम पड़ गया करीम लाला।
ये नेटवर्क अकेला करीम नहीं चला रहा था। उसका भाई अब्दुल रहीम खान, जिसे लोग रहीम लाला कहते थे, डोंगरी में जेल रोड के पास अपना अलग सोशल क्लब चलाता था। यानी एक भाई की पकड़ ग्रांट रोड और कामाठीपुरा की तरफ बढ़ रही थी, तो दूसरे की डोंगरी और पायधुनी में।
साथ ही करीम ने मुंबई आने वाले नए पठानों की एक बड़ी परेशानी को अपनी ताकत बना लिया। उन दिनों अफगानिस्तान या बॉर्डर पार से आने वाले पठानों को पुलिस में अपना रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता था और रहने के लिए जगह ढूंढनी पड़ती थी। करीम इस सरकारी पेपरवर्क में उनकी मदद करता और उन्हें 'पख्तून जिरगा-ए-हिंद' नाम के ऑर्गनाइजेशन से जोड़ता, जिसका प्रेसिडेंट वो खुद था। नतीजा ये हुआ कि मुंबई का हर पठान करीम लाला को अपना सरपरस्त मानने लगा, और लाला के पास ऐसी फौज तैयार हो गई जो उसके एक इशारे पर किसी भी गली में उतर सकती थी।

पगड़ी सिस्टम और 'खोली खाली कराना'
अंडरवर्ल्ड को सबसे ज्यादा ताकत हमेशा वहीं से मिलती है जहां कानून का सिस्टम धीमा पड़ जाता है। १९४७ के बाद पुरानी मुंबई में प्रॉपर्टी का एक उलझा हुआ नियम लागू था: रेंट कंट्रोल एक्ट और पगड़ी सिस्टम। किरायेदार शुरुआत में मकान-मालिक को एक बार में एक रकम, यानी पगड़ी, देता था और फिर बहुत कम किराए पर सालों-साल वहीं रहता था।
वक्त के साथ जब मुंबई में जमीन के दाम आसमान छूने लगे, तो मकान-मालिकों को अपनी ही इमारतें घाटे का सौदा लगने लगीं। वो पुरानी दुकान या खोली खाली करवाकर नए सिरे से मोटा पैसा कमाना चाहते थे, लेकिन कानूनन किरायेदार को निकालना लगभग नामुमकिन था। कोर्ट में केस जाता तो बीस-बीस साल तारीख पर तारीख पड़ती। ऐसे मकान-मालिकों के लिए कोर्ट के बाहर एक ही रास्ता बचा था: ग्रांट रोड की ताहेर मंजिल, जहां हर रविवार करीम लाला की छत पर बैठक लगती थी।
मुंबई की बोलचाल में झगड़ा सुलझाने को 'मैटर पटाना' और प्रॉपर्टी खाली करवाने को 'खोली खाली कराना' कहा जाने लगा। करीम के खास आदमी, जैसे मुराद खान और याकूब खान, इन झगड़ों में उतरते थे। लेकिन पचास के दशक के बाद, जब करीम लाला की उम्र पचास पार हुई, तो उसके काम करने का तरीका एक अजीब और डरावने ढंग से बदल गया।
लाला की छड़ी का खौफ
पचासवें जन्मदिन पर किसी करीबी ने करीम लाला को एक बेहद खूबसूरत लकड़ी की छड़ी, यानी वॉकिंग स्टिक, गिफ्ट की थी। सफेद सफारी या पठानी सूट, आंखों पर काला चश्मा और हाथ में वो छड़ी: यही लाला की पहचान बन गई। कहा जाता है कि उस छड़ी का खौफ इतना था कि लाला मस्जिद में वुजू करने जाता और छड़ी कहीं रख देता, तो पूरी मस्जिद भर जाने के बाद भी कोई उस छड़ी के पास बैठने की हिम्मत नहीं करता था।
इसी दौर में चमन सिंह मेवावाला और अब्दुल कुरैशी जैसे प्रॉपर्टी के खिलाड़ियों के साथ मिलकर एक अनोखा तरीका निकाला गया। जब किसी मकान-मालिक को खोली खाली करवानी होती, तो लाला अपने आदमियों से मारपीट नहीं करवाता था। उसके दो आदमी चुपचाप किरायेदार के घर जाते, करीम लाला की वो मशहूर छड़ी कमरे के एक कोने में खड़ी करते और बिना एक शब्द बोले बाहर निकल आते। किरायेदार जैसे ही कोने में लाला की छड़ी देखता, समझ जाता कि अगला कदम क्या होगा। न पुलिस केस, न खून-खराबा, सिर्फ उस छड़ी के डर से रातों-रात मकान खाली हो जाते थे।
कामाठीपुरा की गंगू और करीम लाला की राखी
लेकिन करीम लाला का असर सिर्फ अमीर मकान-मालिकों और व्यापारियों के काम आने से नहीं बढ़ा। उसने अपनी इमेज एक ऐसे इंसाफ करने वाले बड़े भाई की बनाई, जो कमजोर की मदद के लिए अपने ही आदमी के खिलाफ खड़ा हो सकता था। इसकी सबसे मशहूर मिसाल जुड़ी है कामाठीपुरा की गंगू से, जिन्हें आगे चलकर दुनिया ने गंगूबाई काठियावाड़ी के नाम से जाना।
उस वक्त गंगू कामाठीपुरा में शीला नाम की एक औरत के कोठे पर रहती थीं। वहां शौकत खान नाम का एक पठान आता था, जिसका कनेक्शन खुद करीम लाला के नेटवर्क से बताया जाता है। शौकत ने गंगू के साथ जबरदस्ती की और उन्हें बुरी तरह पीटा। करीब एक महीने बाद वो फिर आया। कोठे के दो आदमियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन शौकत ने उन्हें भी धकेल दिया और गंगू को इतना जख्मी कर दिया कि उन्हें हॉस्पिटल ले जाना पड़ा।

जब इलाके में कोई भी शौकत के सामने खड़ा होने की हिम्मत नहीं कर पाया, तो गंगू ने सीधे उस आदमी तक पहुंचने का फैसला किया जिसके नाम पर शौकत उछलता था। एक शुक्रवार, जुम्मे की नमाज के बाद जब करीम लाला बैदा गली के पास से घर लौट रहा था, तो गंगू ने रास्ते में ही उसे रोक लिया।
करीम लाला गंगू को अपने साथ ताहेर मंजिल की छत पर ले गया। गंगू ने रोते हुए बताया कि शौकत ने दो बार उनके साथ क्या किया, और अपने जख्म भी दिखाए। उसी छत पर गंगू ने करीम लाला की कलाई पर राखी बांधी। लाला ने सिर्फ भरोसा देकर बात खत्म नहीं की। उसने कोठे के बाहर चुपचाप अपना एक आदमी तैनात कर दिया।
करीब तीन हफ्ते बाद जब शौकत खान फिर कामाठीपुरा पहुंचा, तो बाहर खड़े आदमी ने तुरंत साइकिल दौड़ाकर ताहेर मंजिल खबर पहुंचाई। कुछ ही मिनटों में करीम लाला खुद अपने दो आदमियों के साथ हाथ में हॉकी स्टिक लेकर वहां पहुंच गया। लाला ने शौकत को कोठे से बाहर खींचा और पूरे मोहल्ले के सामने उसकी इतनी पिटाई की कि वो अधमरा हो गया। जाते-जाते लाला ने ऐलान कर दिया कि आज से गंगू उसकी राखी बहन है। इस एक घटना ने गंगूबाई को कामाठीपुरा में वो ताकत दी, जिसके दम पर आगे चलकर वहां उनका सिक्का चला।

हाजी मस्तान की एंट्री
कामाठीपुरा से लेकर डोंगरी और ग्रांट रोड तक अब करीम लाला के नाम की तूती बोलती थी। कहा जाता है कि १९७३ में आई अमिताभ बच्चन की फिल्म 'जंजीर' में प्राण साहब का 'शेर खान' वाला पठान किरदार करीम लाला की इसी पर्सनालिटी से इंस्पायर्ड था। लेकिन अब तक करीम लाला का काम जमीन, जुए, ब्याज और वसूली तक ही था। समंदर के रास्ते बॉम्बे आने वाले असली खजाने की चाबी किसी और के पास थी, और उसका नाम था हाजी मस्तान।
हाजी मस्तान भी कभी लाला की तरह बॉम्बे डॉक्स पर कुली का काम कर चुका था। वो बंदरगाह का चप्पा-चप्पा जानता था: दुबई और अदन से आने वाला स्मगलिंग का सोना, चांदी और महंगी विदेशी घड़ियां कहां उतरती हैं और शहर के अंदर कैसे पहुंचती हैं। लेकिन मस्तान के सामने एक बड़ी दिक्कत थी।
समंदर के रास्ते करोड़ों का सोना किनारे तक मंगवाना एक बात थी, और उसे बंदरगाह से गोदाम तक सही-सलामत पहुंचाना दूसरी। रास्ते में दूसरी गैंग्स माल लूट सकती थीं या हिस्सा मांग सकती थीं। मस्तान को रोज सड़क पर खून-खराबा नहीं चाहिए था। उसे ऐसी प्रोटेक्शन चाहिए थी जिसके नाम से ही दूसरे लुटेरे पीछे हट जाएं।
एक शुक्रवार ग्रांट रोड की मस्जिद में नमाज के दौरान हाजी मस्तान और करीम लाला की मुलाकात हुई। नमाज के बाद लाला ने मस्तान को ताहेर मंजिल पर दोपहर के खाने पर बुलाया। खाने के बाद मस्तान ने सीधा ऑफर रखा: बंदरगाह पर उतरने वाले मेरे माल की हिफाजत आपके पठान करेंगे, और हर खेप में आपका सीधा हिस्सा होगा।

बॉम्बे के तीन बादशाह
दोनों ने हाथ मिला लिया। एक के पास दुबई का सोना और दिमाग था, तो दूसरे के पास जमीन पर लड़ने वाले हथियारबंद पठान। इसी दौर में तीसरा बड़ा नाम जुड़ा, वरदराजन मुदलियार यानी वरदा भाई, जिसका राज माटुंगा, सायन और धारावी में चलता था। तीनों ने आपस में गोलियां चलाने के बजाय शहर को तीन हिस्सों में बांट लिया, और सत्तर के दशक तक बॉम्बे का अंडरवर्ल्ड किसी कॉर्पोरेट कंपनी की तरह बिना किसी बड़ी गैंगवॉर के चलता रहा।
ताहेर मंजिल पर जब CID या क्राइम ब्रांच के पुलिस वाले आते, तो करीम लाला जेब से नोटों की गड्डियां निकालकर उन्हें बख्शीश देता और मामला शांत हो जाता। लेकिन डोंगरी पुलिस स्टेशन में एक ऐसा पुलिस वाला था जो लाला के रुतबे के आगे कभी नहीं झुका: १९५५ की उस दावत वाला हेड कॉन्स्टेबल इब्राहिम कासकर।
इब्राहिम कासकर ने करीम लाला से कभी एक रुपया नहीं लिया। उल्टा जब लाला के क्लबों पर कार्रवाई होती, तो इब्राहिम उसके मुंह पर कह देते कि जुए और ब्याज का पैसा मजहब में हराम है, इसे बंद कर दो। फिर भी लाला उनकी दिल से इज्जत करता था और हमेशा उन्हें 'इब्राहिम भाई' कहकर बुलाता था।

इमरजेंसी और नई पीढ़ी
१९७५ में जब देश में इमरजेंसी लगी, तो सरकार ने मीसा और कोफेपोसा कानून के तहत हाजी मस्तान, करीम लाला और वरदराजन को जेल में डाल दिया। १९७७ में इमरजेंसी हटी और ये लोग बाहर आए, तब तक करीम लाला की उम्र साठ के पार हो चुकी थी। उसने जयप्रकाश नारायण के सामने क्राइम छोड़ने की बात भी कही, और धीरे-धीरे उसके पठान नेटवर्क की असली कमान नई पीढ़ी के हाथों में चली गई।
इस नई पीढ़ी में तीन सबसे खतरनाक नाम थे: लाला के भाई रहीम का बेटा, यानी उसका सगा भतीजा समद खान, और पठान गैंग के दो बेहद आक्रामक चेहरे, अमीरजादा नवाब खान और आलमजेब। उधर डोंगरी में इब्राहिम कासकर के दोनों बेटे, बड़ा बेटा शबीर और छोटा बेटा दाऊद, अब सिर्फ गली के लड़के नहीं रहे थे। वो सीधे स्मगलिंग के उस धंधे में अपना हिस्सा मांग रहे थे, जिस पर अब तक मस्तान और पठानों का ही राज था।

पत्रकार इकबाल नातिक की हत्या
पुरानी पीढ़ी उसूलों और बंटवारे से धंधा चलाती थी, लेकिन नई पीढ़ी का खून गर्म था। दोनों गुटों के बीच बारूद पहले से जमा था, और पहली बड़ी चिंगारी भड़की १९७७ में, एक पत्रकार की हत्या से।
उस पत्रकार का नाम था इकबाल नातिक। वो डोंगरी से 'राजदार' नाम का उर्दू अखबार निकालता था और दाऊद इब्राहिम का करीबी दोस्त था। दाऊद के लोग उसे पठान गैंग की खबरें देते और इकबाल अपने अखबार में पठानों के जुए के अड्डों और क्राइम के खिलाफ खुलकर लिखता। उसकी खबरों के बाद पुलिस ने एक्शन लिया और पठानों का एक क्लब बंद हो गया। १७ अगस्त १९७७ को पठान गैंग के लोगों ने इकबाल नातिक को उसके घर से उठाया और बेरहमी से उसकी हत्या कर दी।
दाऊद के लिए ये सिर्फ एक पत्रकार की मौत नहीं थी, बल्कि उसके दोस्त और खबरी पर सीधा हमला था। जवाब में दाऊद ने पठान गैंग के सईद बाटला पर हमला किया। अब डोंगरी की गलियों में पठान और कासकर भाई आमने-सामने आ चुके थे, और इस लड़ाई का सीधा नुकसान हाजी मस्तान और करीम लाला के धंधे को होने लगा।
जेनाबाई दारूवाली और कुरान पर कसम
मुंबई सेंट्रल के पास बेलासिस रोड पर एक बड़ी प्रॉपर्टी थी, जिसे हाजी मस्तान खाली करवाना चाहता था। लेकिन वहां बैठे लोग हटने को तैयार नहीं थे और अकेले पठान गैंग के दबाव से भी काम नहीं बन रहा था, क्योंकि शहर में ताकत अब दो हिस्सों में बंट चुकी थी। तब हाजी मस्तान ने अंडरवर्ल्ड की एक बेहद असरदार औरत को बीच में डाला: जेनाबाई दारूवाली।
जेनाबाई का नाता अवैध शराब के पुराने धंधे से रहा था। मस्तान और करीम लाला भी उनकी बात मानते थे, और इब्राहिम कासकर के घर से भी उनका पारिवारिक रिश्ता था। दाऊद उन्हें 'जेनामासी' कहकर बुलाता था। जुलाई १९८० में जेनाबाई ने दाऊद और शबीर को मनाया, और हाजी मस्तान के वार्डन रोड वाले बंगले 'बैतुल सुरूर' में दोनों दुश्मन गैंग्स की एक बड़ी मीटिंग बुलाई गई।
बंगले में एक तरफ करीम लाला के साथ अमीरजादा, आलमजेब और पठान गैंग के लोग बैठे थे, तो दूसरी तरफ शबीर और दाऊद इब्राहिम। बीच में हाजी मस्तान और जेनाबाई दारूवाली थे। बात शुरू होते ही पुराने जख्म फिर हरे हो गए और माहौल इतना गर्म हो गया कि नौबत हाथापाई तक आ गई।
तब जेनाबाई ने बीच में पड़कर दोनों तरफ के लोगों को शांत किया। आखिर में कमरे के बीच कुरान शरीफ लाई गई। दोनों गैंग्स ने कुरान पर हाथ रखकर कसम खाई कि आज के बाद कोई किसी को निशाना नहीं बनाएगा। इस समझौते का असर तुरंत दिखा। अगले ही दिन पठान गैंग और दाऊद के लोग एक साथ बेलासिस रोड की उस प्रॉपर्टी पर पहुंचे, और दोनों को साथ देखकर वहां के लोगों ने तुरंत जगह खाली कर दी।

फूलों से सजी एम्बेसडर
हाजी मस्तान का प्रॉपर्टी वाला काम तो निकल गया, और ऊपर से लगा कि करीम लाला, मस्तान और जेनाबाई ने मिलकर मुंबई में होने वाली गैंगवॉर टाल दी है। लेकिन साथ जाकर एक प्रॉपर्टी खाली करवाना और करोड़ों के सोने की स्मगलिंग का धंधा हमेशा के लिए बांट लेना, दो बिल्कुल अलग बातें थीं।
दाऊद और शबीर अब स्मगलिंग के माल के खरीदारों से सीधे जुड़ रहे थे, जिसका मतलब था कि पठान गैंग का हिस्सा कट रहा था। मस्तान के घर कुरान पर कसम जरूर खाई गई थी, लेकिन अमीरजादा और आलमजेब के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। वो जानते थे कि जब तक कासकर भाइयों की रीढ़, यानी बड़े भाई शबीर को रास्ते से नहीं हटाया जाता, तब तक डोंगरी पर पठानों का राज वापस नहीं आ सकता।
फरवरी १९८१ की एक रात। शबीर इब्राहिम अपनी सफेद प्रीमियर पद्मिनी कार में निकला। उसके ठीक पीछे एक एम्बेसडर कार लग गई। उस एम्बेसडर को बाहर से ताजे फूलों की मालाओं से बिल्कुल शादी की गाड़ी की तरह सजाया गया था, ताकि रास्ते में पुलिस या किसी और को जरा भी शक न हो।
लेकिन उस फूलों वाली गाड़ी में कोई दूल्हा या बाराती नहीं बैठा था। उसके अंदर अमीरजादा, आलमजेब और उनके साथी हाथों में लोडेड हथियार लेकर बैठे थे।
उस रात प्रभादेवी के पेट्रोल पंप पर शबीर पर हमला करने के बाद ये लोग वहीं नहीं रुके। वो सीधे दाऊद इब्राहिम के ठिकाने तक जा पहुंचे। अगर उस रात दोनों भाई मारे जाते, तो मुंबई अंडरवर्ल्ड का इतिहास वहीं बदल जाता। लेकिन उस रात एक भाई बच गया।
प्रभादेवी के पेट्रोल पंप तक शबीर का सुराग किस डांसर के जरिए मिला था? पाकमोडिया स्ट्रीट पर दाऊद की जान किसने बचाई? और कैसे उस एक रात की गलती ने करीम लाला के भतीजे समद खान, उसके भाई रहीम और उसके पूरे साम्राज्य को तबाह कर दिया? ये पूरी खूनी दास्तान और नासिक जेल के गेट का वो हैरान करने वाला सच जानेंगे इस कहानी के दूसरे और आखिरी पार्ट में।
संसाधन / Resources
- Dongri to Dubai: Six Decades of the Mumbai Mafia, S. Hussain Zaidi
- Mafia Queens of Bombay, S. Hussain Zaidi with Jane Borges
चित्र स्रोत / Image Credits
- Grant Road station — A.Savin, Wikimedia Commons (FAL)
- Street life in Bombay, 1950s postcard — Wikimedia Commons (Public domain)
- Kunar River Valley — SSG Matthew Clark, U.S. Army, Wikimedia Commons (Public domain)
- Bombay Harbour with arriving mail — Photoglob Co., Library of Congress via Wikimedia Commons (Public domain)
- Kamathipura lane — Hawk4256, Wikimedia Commons (Public domain)
- Old Bhendi Bazaar — Boomchikaboomboom, Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
- Hindustan Ambassador — David Howard, Wikimedia Commons (CC0)
अंतिम तथ्य-जांच: 14 नवम्बर 2026



Reader discussion
अपनी बात साझा करें
कहानी पर अपनी राय या संदर्भ लिखें। तथ्यात्मक सुधार के लिए article link और विश्वसनीय आधार के साथ collab@rajtantrastories.in पर लिखना सबसे प्रभावी रहेगा।
इस कहानी पर कमेंट बंद हैं।