RajTantraCrime & Mystery
0% पढ़ा

अंडरवर्ल्ड फाइल्स

छोटा राजन Part 2: डी कंपनी का ‘नाना’ और गवली गैंग से खूनी जंग

दाऊद के दुबई जाने के बाद मुंबई में छोटा राजन का राज, दुबई में सुजाता से शादी, जोगेश्वरी के प्लॉट पर रमा नाइक का झगड़ा, अरुण गवली की बगावत, अशोक जोशी और पापा गवली के कत्ल और राजन का दुबई शिफ्ट होना।

बारिश में पुराने मुंबई के सामने जमीन का नक्शा, रोटरी फोन और आमने-सामने रखे शतरंज के मोहरों की संपादकीय कलाकृति
अवधि1986–1990
स्थानMumbai: Chembur, Jogeshwari, Mazgaon-Nagpada Junction, Dagdi Chawl (Byculla), Mahim (Shitala Devi Temple), Panvel; Dubai (White House, Al Wasl Road, Jumeirah)
मुख्य लोगChhota Rajan, Dawood Ibrahim, Sujata Nanavare, Sharad Shetty, Rama Naik, Arun Gawli, Babu Reshim, Satish Raje, Ashok Joshi, Shyamsundar Nair, Sunil Sawant (Sautya) and Kishor Gawli (Papa Gawli)
वर्तमान स्थितिHistorical crime profile — Part 2 of 5 (छोटा राजन फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है)

मुंबई का नया बॉस: 'नाना'

दाऊद दुबई में था, लेकिन मुंबई की सड़कों पर सिक्का छोटा राजन का चलता था। हफ़्ता वसूली, स्मगलिंग और ज़मीन के सौदों का पूरा कंट्रोल राजन के पास था। इसी दौरान, करीब १९८६ में, डी कंपनी के लोग छोटा राजन को 'नाना' के नाम से बुलाने लगे। राजन का खौफ ऐसा था कि सिर्फ़ एक फ़ोन कॉल पर करोड़ों की डील फाइनल हो जाती थी। वो दाऊद का सबसे वफ़ादार और 'राइट हैंड' बन चुका था।

दुबई में शादी

१९८७ में राजन की निजी ज़िंदगी में भी एक बड़ा मोड़ आया। चेंबूर के दिनों से ही सुजाता नानावरे राजन की दोस्त और प्रेमिका थीं। दाऊद का राजन पर इतना भरोसा था कि जब राजन ने सुजाता से शादी करने का फैसला किया, तो दाऊद ने उसे दुबई बुला लिया।

दुबई के एक आलीशान होटल में छोटा राजन और सुजाता की शादी का शानदार रिसेप्शन रखा गया, जिसका पूरा खर्च दाऊद ने उठाया। शादी में दुबई के बड़े-बड़े शेख और स्मगलर्स शामिल हुए। खुद दाऊद और उसकी पत्नी महजबीन ने सुजाता का स्वागत किया।

छोटा राजन और सुजाता के विवाह समारोह की तस्वीर

जोगेश्वरी का ५० करोड़ का प्लॉट

इसी साल, १९८७ में, एक और बड़ी घटना हुई जिसने मुंबई अंडरवर्ल्ड के सारे समीकरण बदल दिए।

मुंबई के जोगेश्वरी में एक प्राइम लोकेशन पर खाली ज़मीन थी। प्लॉट काफ़ी बड़ा था और लोकेशन बहुत प्रीमियम थी, इसलिए १९८७ में उसकी मार्केट प्राइस थी ५० करोड़ रुपये। १९८७ के ५० करोड़ मतलब आज के कम से कम डेढ़ हज़ार करोड़ रुपये। ये प्लॉट वहाँ के एक बिल्डर का था। उस ज़माने में डी कंपनी का प्रोटेक्शन लिए बिना कोई बिल्डर कोई प्रोजेक्ट लॉन्च नहीं कर सकता था।

उस वक्त डी कंपनी का पूरा फाइनेंस शरद शेट्टी संभालता था। अंडरवर्ल्ड में उसकी शुरुआत मुंबई से ही हुई थी, लेकिन बाद में वो भी दाऊद के साथ दुबई चला गया था। मुंबई में डी कंपनी की कमान छोटा राजन के हाथ में थी, और उसके साथ डी कंपनी में रमा नाइक, बाबू रेशिम और अरुण गवली भी थे। जी हाँ, सुनकर शायद अजीब लगे, लेकिन ये उस वक्त की बात है जब अरुण गवली दाऊद के साथ हुआ करता था।

अरुण गवली, रमा नाइक और बाबू रेशिम ने मिलकर BRA गैंग बनायी थी, जिसे भायखला गैंग भी कहा जाता था। शुरुआती दौर में उनके और दाऊद के रिश्ते बहुत अच्छे थे, यहाँ तक कि ये तीनों अपने साथियों के साथ दाऊद की गैंग में शामिल हो गए थे। इन तीनों में रमा नाइक सबसे सीनियर और सबसे खौफनाक था। मुंबई की सड़कों पर उसकी दहशत थी।

जोगेश्वरी के उस प्लॉट पर शरद शेट्टी एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स खड़ा करना चाहता था। इस प्रोजेक्ट के लिए उसने प्लॉट के मालिक बिल्डर को पैसे भी दे दिए थे। ये शरद शेट्टी का पर्सनल पैसा था और इस प्रोजेक्ट से उसे बहुत बड़ा फ़ायदा होने वाला था।

बात ये थी कि इसी बिल्डर को रमा नाइक ने भी अप्रोच किया था और धमकाया भी था। रमा नाइक इस प्लॉट को हथियाना चाहता था। जब उसे पता चला कि शरद शेट्टी इस प्लॉट पर कब्ज़ा करना चाहता है, तो उसने शेट्टी को फ़ोन करके धमका दिया। दोनों एक ही गैंग के मेंबर थे, लेकिन प्लॉट की कीमत इतनी ज़्यादा थी कि कोई भी इसे छोड़ना नहीं चाहता था। बात इतनी बढ़ गई कि रमा नाइक ने बिल्डर और शरद शेट्टी, दोनों को जान से मारने की धमकी दे डाली। ऐसे में दाऊद ने रमा नाइक को दुबई बुला लिया।

दुबई के 'वाइट हाउस' की मीटिंग

दुबई के जुमैरा इलाके में अल वस्ल रोड पर दाऊद का घर और ऑफिस था, जिसका नाम था 'वाइट हाउस'। इसी वाइट हाउस में दाऊद के साथ रमा नाइक और शरद शेट्टी की मीटिंग रखी गई। दाऊद ने दोनों की बात सुनी और अपना फैसला सुनाया। उसने रमा नाइक से कहा कि वो इस प्लॉट की बात छोड़ दे और शरद शेट्टी को ये प्रोजेक्ट करने दे।

दाऊद के फैसले से शरद शेट्टी तो बहुत खुश हुआ, लेकिन रमा नाइक आग-बबूला हो गया। उसका गुस्सा इतना बढ़ गया कि मीटिंग में ही सबके सामने उसने दाऊद को गालियाँ दे दीं और मुंबई लौट आया।

दाऊद की एक आदत थी। अगर उसे जरा-सी भी भनक लगती कि कोई आदमी उसके लिए ख़तरा बन रहा है, तो वो तुरंत उसका खात्मा कर देता था। रमा नाइक ने कई बार दाऊद की मदद की थी और उनके रिश्ते बहुत पुराने थे, लेकिन दुबई की उस घटना के बाद दाऊद समझ चुका था कि अब रमा नाइक उसके ख़िलाफ़ जाएगा। और रमा नाइक का ग्राउंड नेटवर्क कितना स्ट्रॉन्ग है, ये दाऊद अच्छे से जानता था।

चेंबूर के सैलून में एनकाउंटर

२१ जुलाई १९८७ को रमा नाइक चेंबूर के एक सैलून में हेयर कट करवाने गया था। चेंबूर पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र काटदरे को एक अनजान फ़ोन कॉल आया और रमा नाइक की लोकेशन बतायी गई। पुलिस कई केसों में रमा नाइक को ढूँढ रही थी।

टिप मिलते ही सब-इंस्पेक्टर काटदरे अपनी टीम के साथ उस सैलून पर पहुँचे। पुलिस को देखते ही रमा नाइक ने अपनी पिस्टल निकाली। पुलिस कोई चांस नहीं लेना चाहती थी। पुलिस ने रमा नाइक पर गोलियाँ बरसायीं और वो वहीं ढेर हो गया।

Rama Naik
Rama Naik

अरुण गवली की बगावत

ये घटना अगर न होती, तो शायद दाऊद का सबसे बड़ा दुश्मन अरुण गवली कभी दाऊद से अलग होता ही नहीं।

रमा नाइक अरुण गवली के लिए भाई जैसा था, बल्कि गवली उसे अपना मेंटर मानता था। जब रमा नाइक मारा गया और पता चला कि उसके एनकाउंटर के पीछे दाऊद का हाथ है, तो बाबू रेशिम और अरुण गवली के साथ कई लोग डी कंपनी से अलग हो गए और उन्होंने अपनी अलग गैंग शुरू की।

इस वक्त तक अमर नाइक की गैंग को छोड़कर मुंबई में कोई बड़ी गैंग बची नहीं थी। लेकिन अब गवली गैंग और डी कंपनी के बीच असली गैंगवॉर शुरू हो गई। मुंबई में छोटा राजन और अरुण गवली आमने-सामने आ गए थे।

Arun Gawali
Arun Gawali

सतीश राजे का कत्ल

अरुण गवली रमा नाइक की हत्या का बदला लेना चाहता था। साथ ही ये अब दबदबे की लड़ाई बन चुकी थी। डी कंपनी का दबदबा हिलाना है, तो उसका फाइनेंस तोड़ना जरूरी था। मुंबई में डी कंपनी का फाइनेंस सतीश राजे देखता था। बिल्डर्स और बड़े बिज़नेसमैन से जो पैसा वसूला जाता था और गोल्ड का जो पूरा कारोबार चलता था, वो सब सतीश राजे ही देखता था।

बदला लेने के लिए गवली गैंग ने २१ नवंबर १९८८ को मझगाँव-नागपाड़ा जंक्शन पर दिन-दहाड़े सतीश राजे को गोलियों से भून दिया। सतीश राजे की कार बुलेटप्रूफ थी, इसलिए इस हत्या में मुंबई अंडरवर्ल्ड में पहली बार हथौड़ों से कार के शीशे तोड़े गए थे।

Satish Raje
Satish Raje

पनवेल पेट्रोल पंप पर अशोक जोशी का अंत

दाऊद बौखला गया। उसने छोटा राजन को हुक्म दिया कि सतीश राजे की मौत का बदला लिया जाए। राजन ने गवली के गुरु और कांजुरमार्ग के खूँखार डॉन अशोक जोशी को निशाना बनाया, और एक ऐसा प्लान बनाया जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था।

३ दिसंबर १९८८ की सर्द रात अशोक जोशी अपनी मारुति कार से पुणे की तरफ़ जा रहा था।

श्यामसुंदर नायर भायखला में दगड़ी चाल के पास अपना गैराज चलाता था और पार्ट टाइम ड्राइवर का काम भी करता था। वो अरुण गवली का बहुत भरोसेमंद ड्राइवर था, इसीलिए जब अशोक जोशी को पुणे जाना था, तो उसने श्यामसुंदर नायर को बुला लिया। छोटा राजन ने ऐसा क्या किया पता नहीं, लेकिन श्यामसुंदर नायर बिक गया। जब वो कार लेकर निकला, तो उसने राजन को खबर भिजवा दी।

मुंबई से पुणे जाते वक्त करीब डेढ़ घंटे की दूरी पर रास्ते में पनवेल पड़ता है। राजन के पास तैयारी के लिए सिर्फ़ उतना ही वक्त था। उसने १५ लोगों की एक टीम तैयार की, जिसे सुनील सावंत उर्फ़ सावत्या लीड कर रहा था। तीन कारों में बैठकर सब लोग पनवेल पहुँचे। हाईवे पर पनवेल में एक पेट्रोल पंप था, और उससे थोड़ी दूरी पर ये तीनों कारें रुक गईं।

Ashok Joshi
Ashok Joshi

श्यामसुंदर नायर ने जानबूझकर कार में पेट्रोल कम रखा था। पनवेल आते-आते पेट्रोल खत्म होने को था, इसलिए नायर ने कार उसी पेट्रोल पंप पर घुमा ली। कार में नायर के बगल में अशोक जोशी बैठा था और पीछे उसके तीन आदमी। पेट्रोल भरवाने के बाद कार पंप से थोड़ी बाहर आई और रुक गई। नायर ने दो बार हेडलाइट का डिपर मारा। यही सिग्नल था।

शुरुआत में अशोक जोशी को सब कुछ नॉर्मल लग रहा था, लेकिन जैसे ही नायर ने डिपर मारा, जोशी समझ गया कि उसका गेम सेट किया गया है। तीनों कारों से सुनील सावंत और बाक़ी लोग भागते हुए जोशी की कार की तरफ़ आ रहे थे। अशोक जोशी ने अपनी पिस्टल निकाली और सबसे पहले श्यामसुंदर नायर के सिर में गोली मारी। फिर वो चिल्लाकर अपने आदमियों से राइफल्स निकालने को कहने लगा। लेकिन तब तक सावत्या और उसके लोगों ने जोशी की कार को घेर लिया था। सबके हाथों में AK-47 थीं। गोलियों की बारिश हुई और अशोक जोशी और उसके साथी वहीं भून दिए गए।

इस ऑपरेशन को छोटा राजन ने बड़ी सटीकता से अंजाम दिया था। जिस तरह उसने गवली के भरोसेमंद ड्राइवर को अपनी तरफ़ कर लिया और जिस तरह पूरा ऑपरेशन किया, उसे देखकर अरुण गवली हिल गया था। लेकिन अशोक जोशी की मौत तो बस शुरुआत थी। छोटा राजन के बदले का तरीका बहुत खौफनाक था। उसने ऐसा कुछ कर दिया कि अरुण गवली फूट-फूटकर रोने लगा।

पापा गवली: टूटी हुई लक्ष्मण रेखा

अंडरवर्ल्ड में एक अनलिखा नियम था: दुश्मनी चाहे कितनी भी गहरी हो, फ़ैमिली को हाथ नहीं लगाना। जो फ़ैमिली मेंबर्स ऐक्टिव क्राइम में नहीं होते, उन्हें कभी निशाना नहीं बनाया जाता था। लेकिन ये लक्ष्मण रेखा छोटा राजन ने पार कर दी।

अरुण गवली के बड़े भाई का नाम था किशोर गवली। गवली गैंग के लोग उसे 'पापा गवली' बुलाते थे। किशोर गवली सही मायने में अरुण गवली का मार्गदर्शक था। वो कभी ऐक्टिव क्राइम में शामिल नहीं हुआ, लेकिन अरुण गवली के लिए सबसे बड़ा मेंटल सपोर्ट सिस्टम था।

अशोक जोशी की मौत के बाद गवली गैंग कुछ करे, उससे पहले छोटा राजन अरुण गवली को ऐसा झटका देना चाहता था जिससे पूरी गवली गैंग टूट जाए। एक-दो शूटर्स को मारने से कुछ नहीं होने वाला था, गवली को मेंटली तोड़ना जरूरी था। इसलिए राजन ने तय किया कि वो पापा गवली को निशाना बनाएगा।

अरुण गवली कभी दगड़ी चाल के बाहर नहीं निकलता था। दगड़ी चाल के मज़बूत लोहे के गेट्स के अंदर हर वक्त ५० से १०० लोगों का पहरा रहता था। लेकिन पापा गवली बिना किसी सिक्योरिटी के बेख़ौफ़ बाहर निकलता था और अपने सारे काम खुद करता था। मुंबई के माहिम इलाके में शीतला देवी का एक बहुत फेमस मंदिर है। पापा गवली की इस देवी पर बहुत श्रद्धा थी और वो रोज़ इस मंदिर में दर्शन करने आता था।

छोटा राजन के आदमियों ने बहुत सीक्रेटली पापा गवली की रेकी शुरू की। वो कब दगड़ी चाल से निकलता है, कब मंदिर पहुँचता है, सब कुछ डिटेल में नोट किया गया। इस ऑपरेशन की जिम्मेदारी दो शूटर्स को दी गई, जिनमें से एक का नाम था अनिल बांबुलकर।

२२ जनवरी १९९० को जब पापा गवली माहिम के शीतला देवी मंदिर से दर्शन करके बाहर आया, तभी इन दोनों शूटर्स ने उस पर गोलियाँ चला दीं। मुश्किल से २-३ मिनट में पूरा ऑपरेशन खत्म हो गया और दोनों शूटर्स भाग निकले। पापा गवली की ख़ून से लथपथ लाश मंदिर से थोड़ी दूर रास्ते पर पड़ी थी।

माहिम
माहिम

जब उसकी लाश दगड़ी चाल लायी गई, तो अरुण गवली फूट-फूटकर रोने लगा। उसके भाई का अंडरवर्ल्ड से कोई लेना-देना नहीं था, फिर भी उसे बेवजह मौत के घाट उतार दिया गया था। पूरी गवली गैंग जैसे थम-सी गई। अगले कुछ दिनों तक किसी को कुछ सूझ नहीं रहा था।

राजन दुबई शिफ्ट

बढ़ती गैंगवॉर की वजह से मुंबई पुलिस अलर्ट मोड पर आ चुकी थी। पापा गवली की हत्या के बाद पुलिस छोटा राजन को हर जगह ढूँढने लगी। अब राजन का मुंबई में रहना सेफ नहीं था। डी कंपनी के लिए वो बहुत इम्पोर्टेंट बन चुका था, इसलिए दाऊद ने उसे परमानेंटली दुबई बुलाने का फैसला कर लिया।

दुबई शिफ्ट होना छोटा राजन की ज़िंदगी का बहुत अहम पड़ाव था। ऐसा नहीं कि वो पहले कभी देश से बाहर नहीं गया था, लेकिन दुबई से डी कंपनी के ऑपरेशंस चलाते हुए उसे इंटरनेशनल एक्सपोज़र मिल रहा था।

आगे उसका सफ़र कैसा रहा? जेजे हॉस्पिटल शूटआउट क्यों और कैसे हुआ? ये सब जानेंगे इस कहानी के अगले पार्ट में।

संसाधन / Resources

  • Dongri to Dubai: Six Decades of the Mumbai Mafia, S. Hussain Zaidi
  • Byculla to Bangkok, S. Hussain Zaidi

चित्र स्रोत / Image Credits

  • Deira Old Souq, Dubai — V. V. Medeiko (drbug), Wikimedia Commons (CC0)
  • Byculla Railway Station — Superfast1111, Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)
  • Mumbai-Pune Highway — Wise Droid, Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
  • Mahim Junction — A.Savin, Wikimedia Commons (FAL)

अंतिम तथ्य-जांच: 14 नवम्बर 2026

Reader discussion

अपनी बात साझा करें

कहानी पर अपनी राय या संदर्भ लिखें। तथ्यात्मक सुधार के लिए article link और विश्वसनीय आधार के साथ collab@rajtantrastories.in पर लिखना सबसे प्रभावी रहेगा।

इस कहानी पर कमेंट बंद हैं।

Continue exploring

इसके बाद पढ़ें

बारिश भरी सुबह में पुराना नासिक जेल गेट और दक्षिण मुंबई की खाली लोहे की लिफ्ट की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स17 मिनट

करीम लाला Part 2: डोंगरी की खूनी जंग और एक बादशाह का अंत

शबीर इब्राहिम की हत्या से शुरू हुई पठान-दाऊद गैंगवॉर, कोर्ट के अंदर हुए दो कत्ल, भतीजे समद खान का अंत, नासिक जेल के गेट पर दोबारा गिरफ्तारी और करीम लाला के आखिरी दिनों की कहानी।

बारिश भरी बैंकॉक रात में खाली अस्पताल कमरा, खुली खिड़की, रस्सी और हार्नेस की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स16 मिनट

छोटा राजन Part 5: बैंकॉक हमला, बाली में गिरफ्तारी और तिहाड़ तक का सफ़र

कराची में दाऊद को मारने का प्लान, बैंकॉक में 'पिज़्ज़ा डिलीवरी' हमला, हॉस्पिटल से फ़िल्मी फरारी, शरद शेट्टी का कत्ल, अजीत डोभाल वाला प्लान, पत्रकार जे डे की हत्या और २०१५ में बाली से भारत वापसी।

रात में खुले दरवाजे वाली पुरानी कार, सीलबंद यात्रा दस्तावेज, उड़ता विमान और दूर क्रूज़ जहाज की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स13 मिनट

छोटा राजन Part 4: दुबई से फरारी और डी कंपनी के ख़िलाफ़ जंग

क्रूज़ पार्टी पर राजन को मारने का प्लान, इंडियन एम्बेसी के ज़रिए दुबई से फरारी, नई पहचान 'मोहन कुमार', डी कंपनी के फाइनेंस पर चोट और कुकरेजा, वाहिद, सावत्या और मिर्ज़ा दिलशाद बेग के कत्ल।