RajTantraCrime & Mystery
0% पढ़ा

अंडरवर्ल्ड फाइल्स

छोटा राजन Part 3: जेजे हॉस्पिटल शूटआउट और दाऊद से बढ़ती दूरी

इब्राहिम पारकर की हत्या, जेजे हॉस्पिटल का शूटआउट, छोटा शकील की चालें, केटी थापा का कत्ल, नेपाल में राजन के बचपन के दोस्तों की मौत और १९९३ बम ब्लास्ट के बाद डी कंपनी से अलग होने का फैसला।

रात के समय खाली जेजे हॉस्पिटल गलियारे में गिरी पुलिस टोपी, उलटी ट्रॉली और 3:30 बजाती घड़ी की संपादकीय कलाकृति
अवधि1990–March 1993
स्थानMumbai: Nagpada (Gordon Hall), Shuklaji Street, J.J. Hospital, Bhandup (Mangatram Petrol Pump); Dubai; Nepal (Seti River)
मुख्य लोगChhota Rajan, Dawood Ibrahim, Chhota Shakeel, Arun Gawli, Haseena Parkar, Ibrahim Parkar, Shailesh Haldankar, Bipin Shere, Subhash Singh Thakur, Brijesh Singh, Sunil Sawant (Sautya), K.T. Thapa, Diwakar Churi, Sanjay Ragad, Amar Jukar and Tiger Memon
वर्तमान स्थितिHistorical crime profile — Part 3 of 5 (छोटा राजन फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है)

बदले की आग में गवली

करीब दिसंबर १९९० तक छोटा राजन परमानेंटली दुबई शिफ्ट हो चुका था। उसने अरुण गवली के भाई पापा गवली को मरवा दिया था, और गवली के बहुत करीबी अशोक जोशी को भी। दुबई में बैठे दाऊद और राजन को लगा था कि अब गवली गैंग टूट जाएगी।

पापा गवली के जाने से अरुण गवली मेंटली टूट चुका था, लेकिन वो बदले की आग में जल रहा था। सबसे बड़ी बात ये थी कि अंडरवर्ल्ड में पहले कभी फ़ैमिली मेंबर्स को हाथ नहीं लगाया गया था, लेकिन अब ये बाउंड्री टूट चुकी थी।

गवली गैंग में अरुण गवली के साथ सदा पावले और विजय टंडेल जैसे लोग थे। सदा पावले को लोग 'सदा मामा' कहते थे। गवली और उसके साथियों ने पापा गवली की मौत का बदला लेने की तैयारी शुरू की। इस बार मकसद सिर्फ़ डी कंपनी के किसी मेंबर को मारना नहीं था। सोच ये थी कि अगर डी कंपनी ने फ़ैमिली पर हाथ डाला है, तो हम भी उनकी फ़ैमिली पर ही हाथ डालेंगे।

Arun Gawali
Arun Gawali

हसीना पारकर का परिवार

दाऊद की बहन हसीना पारकर मुंबई में ही रहती थी। नागपाड़ा के गॉर्डन हॉल में उसका घर था। दाऊद के कुल ११ भाई-बहन थे, जिनमें ५ बहनें थीं, लेकिन दाऊद सबसे ज़्यादा प्यार हसीना से करता था। दाऊद के शुरुआती दिनों से ही हसीना ने उसका साथ दिया था।

हसीना की शादी इब्राहिम पारकर से हुई थी। कुछ रिकॉर्ड्स में उसका नाम इस्माइल पारकर भी मिलता है। इब्राहिम पारकर कभी हार्डकोर क्रिमिनल एक्टिविटीज़ में शामिल नहीं था। शुरुआती दिनों में उसने कुछ बॉलीवुड फ़िल्मों में जूनियर आर्टिस्ट का काम भी किया था। नागपाड़ा के पास शुक्लाजी स्ट्रीट पर वो कादरी होटल नाम का एक छोटा-सा रेस्टोरेंट चलाता था।

हसीना शुरू से एक हाउसवाइफ रही थी। उसका न दाऊद के बिज़नेस में कोई रोल था, न अपने पति के बिज़नेस में। उसके चार बच्चे थे, दो बेटे और दो बेटियाँ।

इब्राहिम पारकर की हत्या

अरुण गवली ने तय किया कि वो हसीना पारकर के पति इब्राहिम पारकर को निशाना बनाएगा। इब्राहिम का रूटीन बहुत सिंपल था: घर से होटल और होटल से घर। न कोई सिक्योरिटी, न कोई हथियार। ऑपरेशन बड़ा आसान था।

२६ जुलाई १९९२ को अरुण गवली के शूटर्स शैलेश हल्दनकर और बिपिन शेरे ने इब्राहिम पारकर की उसके होटल के बाहर हत्या कर दी। ये वार बिल्कुल अनपेक्षित था।

इस हत्या ने दाऊद को हिलाकर रख दिया। अपनी बहन का सुहाग उजड़ने पर वो फूट-फूटकर रोया।

पापा गवली के मर्डर के बाद से ही मुंबई पुलिस अलर्ट मोड पर थी। कुछ ही घंटों में पुलिस ने हल्दनकर और शेरे का पता लगा लिया। जब पुलिस उन्हें पकड़ने गई, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी फायर किया और दोनों घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, और घायल होने की वजह से उन्हें पुलिस कस्टडी में जेजे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

Haseena Parkar
Haseena Parkar

छोटा शकील की चाल

दाऊद बदले के लिए तड़प रहा था। इस बार बात सिर्फ़ बदले की नहीं थी। मुंबई के लोगों में इमेज ये बन रही थी कि अगर दाऊद अपनी सगी बहन के शौहर को नहीं बचा सकता, तो हमसे प्रोटेक्शन मनी लेकर हमें क्या बचाएगा। दाऊद का सारा बिज़नेस डर पर चलता था, और इब्राहिम पारकर की हत्या उसकी ताकत को सीधी चुनौती थी।

इस घटना का एक और पहलू था। दाऊद को लगता था कि इब्राहिम पारकर की हत्या छोटा राजन की नाकामी है। दाऊद की उम्मीद थी कि राजन को इसकी खबर पहले से लगनी चाहिए थी और उसे इब्राहिम पारकर को बचाना चाहिए था।

और ये बात दाऊद के दिमाग़ में किसी और ने डाली थी। उसका नाम था छोटा शकील। दाऊद के बाद अगर कोई नंबर २ था, तो वो छोटा राजन था, और छोटा शकील राजन की जगह लेना चाहता था। शकील धीरे-धीरे दाऊद को ये यकीन दिलाने लगा कि छोटा राजन मुंबई में ज़रूरत से ज़्यादा पॉपुलर हो रहा है, और डी कंपनी के लोग अब दाऊद की जगह राजन को ही अपना चीफ मानने लगे हैं। ये बातें बार-बार दाऊद तक पहुँचाई जा रही थीं।

Chota Shakeel
Chota Shakeel

जेजे हॉस्पिटल शूटआउट

दाऊद मुंबई और अपनी गैंग पर पकड़ खोना नहीं चाहता था। वो राजन को ये एहसास दिलाना चाहता था कि उसके बिना भी दाऊद अपना काम चला सकता है। जब उसे खबर मिली कि हल्दनकर और शेरे जेजे हॉस्पिटल में भर्ती हैं, तो उसने तय किया कि एक ऐसा कांड किया जाए जिससे पूरी मुंबई दहल जाए।

इस ऑपरेशन की पूरी प्लानिंग खुद दाऊद ने की। उसने उत्तर प्रदेश के खूँखार गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर और बृजेश सिंह को इसके लिए चुना। प्लान था जेजे हॉस्पिटल में घुसकर, पूरे पुलिस प्रोटेक्शन के बीच इब्राहिम पारकर के हत्यारों को खत्म करना। छोटा राजन से सिर्फ़ हथियार और लॉजिस्टिक्स का इंतज़ाम करने को कहा गया।

ये पहली बार था जब दाऊद ने छोटा राजन पर पूरा भरोसा नहीं किया। हमेशा किसी भी ऑपरेशन के लिए राजन अपने लड़के चुनता था, लेकिन इस बार दाऊद ने राजन के किसी शूटर को शामिल नहीं किया। इसकी कई वजहें थीं। दाऊद दिखाना चाहता था कि राजन के लड़कों के बिना भी डी कंपनी का काम चल सकता है। दूसरी वजह ये थी कि मुंबई के शूटर्स पुलिस पर फायर करने से डरते थे, जबकि यूपी के शूटर्स को मुंबई पुलिस का कोई डर नहीं था और ऑपरेशन के बाद वो यूपी भाग सकते थे। सुभाष सिंह ठाकुर और बृजेश सिंह के अलावा इस ऑपरेशन में सुनील सावंत उर्फ़ सावत्या को भी शामिल किया गया।

१२ सितंबर १९९२ को तड़के ३ बजकर ३० मिनट पर सुनील सावंत, सुभाष सिंह ठाकुर और बृजेश सिंह जेजे हॉस्पिटल में घुसे। गेट पर बैठे दो पुलिस कॉन्स्टेबल्स को उन्होंने गोलियों से भून दिया। तीनों के पास AK-47 राइफल्स थीं। जिस जनरल वार्ड में शैलेश हल्दनकर और बिपिन शेरे भर्ती थे, वहाँ घुसकर उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग की। हल्दनकर और शेरे मारे गए, और उनके साथ कई दूसरे लोगों की भी जान चली गई। कुल करीब ५०० राउंड फायर किए गए थे। शूटिंग के बाद तीनों वहाँ से भाग निकले।

मुंबई अंडरवर्ल्ड के इतिहास में ऐसा ऑपरेशन पहले कभी नहीं हुआ था। काम पूरा हो गया, लेकिन राजन को एहसास हो गया कि दाऊद अब पूरी तरह उस पर निर्भर नहीं है।

Sunil Sawant (Sautya)
Sunil Sawant (Sautya)

धीरे-धीरे डी कंपनी में छोटा शकील का कद बढ़ रहा था। कई मामलों में दाऊद अक्सर शकील की बात मान लेता था। डी कंपनी का क्रिकेट मैच फिक्सिंग और फ़िल्मों का बिज़नेस अब पूरी तरह छोटा शकील संभालने लगा था। इसी दौर में नेपाल में एक बहुत बड़ी घटना हुई, लेकिन उसे समझने के लिए जेजे हॉस्पिटल शूटआउट से कुछ महीने पहले की कहानी जाननी होगी।

भांडुप का रॉबिनहुड: केटी थापा

मुंबई के भांडुप में एक अंडरवर्ल्ड डॉन रहता था, जिसका नाम था केटी थापा। वो मूल रूप से नेपाली था, लेकिन बचपन से मुंबई में ही पला-बढ़ा था। भांडुप और आसपास के लोग उसे बहुत मानते थे, क्योंकि वो गरीबों का मसीहा था। ऐसा कभी नहीं हुआ कि कोई गरीब उसके दरवाज़े पर आया हो और खाली हाथ लौटा हो। अमीरों और बिल्डर्स से वो हफ़्ता वसूलता था, लेकिन गरीबों के लिए अपनी जेब खाली कर देता था।

अपने इस रॉबिनहुड अंदाज़ की वजह से वो सबका फेवरेट बन चुका था। शिवसेना के फाउंडर बालासाहेब ठाकरे का भी वो चहेता था। इतना ही नहीं, वो शिवसेना के टिकट पर चुनाव जीतकर मुंबई में कॉर्पोरेटर बन गया। केटी थापा दाऊद का भी चहेता था और कई बार उसकी दाऊद से सीधी बात होती थी। जब छोटा राजन का कद बहुत बढ़ने लगा, तो दाऊद ने केटी थापा को कई बिल्डरों से हफ़्ता वसूली का काम दे दिया।

KT Thapa
KT Thapa

ये देखकर राजन आग-बबूला हो रहा था। केटी थापा उसे चुभने लगा था। जेजे हॉस्पिटल शूटआउट से करीब ५ महीने पहले छोटा राजन ने अपने आदमियों को हुक्म दिया कि केटी थापा को मार दिया जाए।

ये काम राजन के तीन सबसे भरोसेमंद शूटर्स, दिवाकर चूरी, संजय रगड़ और अमर जुकर को दिया गया। ज़रूरी बात ये थी कि केटी थापा दाऊद का दोस्त था, इसलिए ये काम डी कंपनी के दूसरे शूटर्स को नहीं दिया जा सकता था। ये तीनों राजन के बचपन के दोस्त थे और चेंबूर के तिलक नगर से, जहाँ से राजन का सफ़र शुरू हुआ था, तब से उसके साथ थे।

२३ अप्रैल १९९२ का दिन था। भांडुप में उन दिनों मंगतराम पेट्रोल पंप नाम का एक पेट्रोल पंप था। उसके बगल के एक रेस्टोरेंट से केटी थापा बाहर निकल रहा था, तभी इन तीनों शूटर्स ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। थापा को ८ गोलियाँ लगीं और वो मौके पर ही मारा गया।

दिवाकर चूरी, संजय रगड़ और अमर जुकर वहाँ से फ़रार होकर सीधे नेपाल पहुँच गए। यूपी-नेपाल बॉर्डर पर डी कंपनी का एक ठिकाना था, जहाँ से नकली नोट, ड्रग्स और हथियारों की स्मगलिंग होती थी। ये तीनों उसी ठिकाने पर जाकर छुप गए।

नेपाल में खौफनाक अंत

थापा की मौत से दाऊद बहुत गुस्सा था। उसने राजन को बुलाकर खूब डाँटा। लेकिन असली प्रॉब्लम कुछ और थी। केटी थापा का चेला था सुभाष सिंह ठाकुर, वही सुभाष सिंह ठाकुर जिसने बाद में जेजे हॉस्पिटल शूटआउट को अंजाम दिया। थापा की मौत की खबर मिलते ही वो यूपी से मुंबई में थापा के घर आया और कसम खाई कि वो थापा के हत्यारों को मार देगा।

१२ सितंबर १९९२ को जेजे हॉस्पिटल शूटआउट के बाद पुलिस सुभाष सिंह ठाकुर और बृजेश सिंह को हर जगह ढूँढ रही थी। उनका यूपी में रहना भी सेफ नहीं था, इसलिए वो बॉर्डर पार करके नेपाल में जाकर छुप गए।

देखने वाली बात ये है कि केटी थापा के हत्यारे भी नेपाल में छुपे थे, और अब सुभाष सिंह ठाकुर और बृजेश सिंह भी नेपाल पहुँच गए थे। दोनों गुटों की लोकेशंस अलग थीं और किसी को दूसरे का पता नहीं था। लेकिन दोनों की लोकेशन दाऊद के पास थी।

दाऊद अब छोटा राजन पर कम भरोसा करने लगा था और उसका कद छोटा करना चाहता था। इसीलिए सुभाष सिंह ठाकुर को बता दिया गया कि केटी थापा के हत्यारे वहीं नेपाल में छुपे हैं। ये पता चलते ही ठाकुर और बृजेश सिंह ने बिना वक्त गँवाए डी कंपनी के नेपाल वाले ठिकाने पर धावा बोला और दिवाकर चूरी, संजय रगड़ और अमर जुकर को मौत के घाट उतार दिया। ये घटना करीब अक्टूबर या नवंबर १९९२ की है।

उनकी हत्या बड़ी बेरहमी से की गई। सबूत मिटाने के लिए सुभाष सिंह ठाकुर ने तीनों की लाशों के टुकड़े करके नेपाल की सेती नदी में फेंक दिए। उन तीनों की लाशें कभी नहीं मिलीं।

नेपाल की सेती नदी
नेपाल की सेती नदी

अपने बचपन के दोस्तों के मर्डर की खबर सुनकर छोटा राजन अंदर से टूट गया। और जब उसे पता चला कि उनकी लोकेशन खुद दाऊद ने दी थी, तो दाऊद पर उसका भरोसा पूरी तरह खत्म हो गया।

दाऊद, छोटा शकील और छोटा राजन, तीनों दुबई में ही रहते थे, लेकिन अब दाऊद की ज़रूरी मीटिंग्स में राजन को शामिल नहीं किया जाता था। वो अब भी डी कंपनी का अहम हिस्सा था, लेकिन पहले जैसी बात नहीं रही थी।

बाबरी के बाद बँटा अंडरवर्ल्ड

ऐसे में ही हिंदुस्तान के इतिहास में एक बहुत बड़ी घटना हुई। ६ दिसंबर १९९२ को बाबरी मस्जिद गिरा दी गई और पूरे देश में हिंदू-मुस्लिम दंगे भड़क उठे। इससे पहले अंडरवर्ल्ड में धर्म के नाम पर कभी कोई लकीर नहीं खिंची थी। हिंदू और मुसलमान कंधे से कंधा मिलाकर अपनी गैंग के लिए लड़ते थे। लेकिन इसके बाद हुए दंगों में राजनीतिक पार्टियाँ, लोकल गैंग्स और पूरा अंडरवर्ल्ड धर्म के आधार पर बँटने लगा।

दाऊद उस वक्त हिंदुस्तान का सबसे बड़ा अंडरवर्ल्ड डॉन बन चुका था। बाबरी मस्जिद गिरने से उसे बहुत बड़ा शॉक लगा था। उसके जानने वाले भी उसे ताने मारने लगे थे कि इतनी पावर किस काम की, अगर वो इसका बदला न ले सके। और फिर बदले का प्लान बनाया गया।

Demolition of Babri Masjid
Demolition of Babri Masjid

१२ मार्च १९९३

इस प्लान की मीटिंग्स में डी कंपनी के सिर्फ़ मुस्लिम मेंबर्स को बुलाया जाने लगा। छोटा राजन को इनसे पूरी तरह दूर रखा गया। दाऊद, छोटा शकील, टाइगर मेमन, याकूब मेमन, मुस्तफ़ा डोसा, मोहम्मद डोसा, अबू सलेम और जावेद चिकना मुंबई सीरियल ब्लास्ट की प्लानिंग में लगे थे। दाऊद इस पूरे प्लान का मास्टरमाइंड था। उसी ने इसे हरी झंडी दी और इसके लिए पैसा मुहैया कराया।

प्लान ये था कि जिस रास्ते दाऊद का सोना-चाँदी स्मगल होता था, उसी रास्ते RDX, हैंड ग्रेनेड्स और AK-56 राइफल्स हिंदुस्तान लाई जाएँगी। ये जिम्मेदारी मुस्तफ़ा डोसा की थी। एक्सप्लोसिव्स देश में आने के बाद उन्हें कारों में छुपाकर मुंबई लाने का काम अबू सलेम का था। टाइगर मेमन इस ऑपरेशन का ऑन-ग्राउंड चीफ था, और एक्सप्लोसिव्स रखने की जगहों से लेकर लड़कों को भर्ती करने तक की पूरी जिम्मेदारी उसी की थी।

उसका भाई याकूब मेमन एक चार्टर्ड अकाउंटेंट था। उसकी जिम्मेदारी थी हवाला के रास्ते ऑपरेशन की फंडिंग हिंदुस्तान लाना, और भर्ती किए गए लड़कों को ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भेजने का इंतज़ाम करना। जावेद चिकना का काम था कारों और स्कूटर्स में एक्सप्लोसिव्स प्लांट करवाना और उन्हें ऐसी जगहों पर रखवाना जहाँ सबसे ज़्यादा भीड़ हो।

१२ मार्च १९९३ को मुंबई में १२ जगहों पर बम ब्लास्ट हुए, जिनमें करीब २५७ बेगुनाह लोगों की जान गई।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, १९९३ धमाकों की जगहों में से एक
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, १९९३ धमाकों की जगहों में से एक

छोटा राजन को इस पूरे प्लान की भनक तक नहीं थी। जब उसे इन धमाकों के बारे में पता चला, तो उसने अपना आख़िरी फैसला ले लिया: डी कंपनी से अलग होने का।

कहते हैं कि अंडरवर्ल्ड में एग्ज़िट का ऑप्शन नहीं होता। दाऊद को अंदाज़ा हो चुका था कि छोटा राजन अब ज़्यादा दिन डी कंपनी के साथ नहीं रहेगा, और राजन को मारने की पूरी प्लानिंग की गई। क्या था वो प्लान और राजन उससे कैसे बच निकला? अलग होने के बाद कब, कहाँ और कितनी बार उसे मारने की कोशिश हुई? और राजन और इंडियन इंटेलिजेंस एजेंसियों का क्या रिश्ता था? ये सब जानेंगे इस कहानी के अगले पार्ट में।

संसाधन / Resources

  • Dongri to Dubai: Six Decades of the Mumbai Mafia, S. Hussain Zaidi
  • Byculla to Bangkok, S. Hussain Zaidi

चित्र स्रोत / Image Credits

  • Sir J.J. Hospital and Grant Medical College (19th-century illustration) — Illustrated London News, Wikimedia Commons (Public domain)
  • Bhandup West — Alan R Lewis, Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
  • Seti Gandaki River, Nepal — Shrestha Bhupendra, Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
  • Bombay Stock Exchange building — Niyantha Shekhar, Wikimedia Commons (CC BY 2.0)

अंतिम तथ्य-जांच: 14 नवम्बर 2026

Reader discussion

अपनी बात साझा करें

कहानी पर अपनी राय या संदर्भ लिखें। तथ्यात्मक सुधार के लिए article link और विश्वसनीय आधार के साथ collab@rajtantrastories.in पर लिखना सबसे प्रभावी रहेगा।

इस कहानी पर कमेंट बंद हैं।

Continue exploring

इसके बाद पढ़ें

बारिश भरी बैंकॉक रात में खाली अस्पताल कमरा, खुली खिड़की, रस्सी और हार्नेस की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स16 मिनट

छोटा राजन Part 5: बैंकॉक हमला, बाली में गिरफ्तारी और तिहाड़ तक का सफ़र

कराची में दाऊद को मारने का प्लान, बैंकॉक में 'पिज़्ज़ा डिलीवरी' हमला, हॉस्पिटल से फ़िल्मी फरारी, शरद शेट्टी का कत्ल, अजीत डोभाल वाला प्लान, पत्रकार जे डे की हत्या और २०१५ में बाली से भारत वापसी।

पुराने सहकार सिनेमा और मुंबई की पृष्ठभूमि में छोटा राजन की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स15 मिनट

छोटा राजन Part 1: ब्लैक में टिकट बेचने वाला लड़का कैसे बना डी कंपनी का बॉस

चेंबूर के तिलक नगर से निकले राजन निकालजे की कहानी—सहकार सिनेमा पर पुलिस से टकराव, गोल्डन गैंग, बड़ा राजन का कत्ल, अब्दुल कुंजू से बदला और दाऊद के दुबई भागने के बाद मुंबई में डी कंपनी की कमान तक।

बारिश भरी सुबह में पुराना नासिक जेल गेट और दक्षिण मुंबई की खाली लोहे की लिफ्ट की संपादकीय कलाकृति
अंडरवर्ल्ड फाइल्स17 मिनट

करीम लाला Part 2: डोंगरी की खूनी जंग और एक बादशाह का अंत

शबीर इब्राहिम की हत्या से शुरू हुई पठान-दाऊद गैंगवॉर, कोर्ट के अंदर हुए दो कत्ल, भतीजे समद खान का अंत, नासिक जेल के गेट पर दोबारा गिरफ्तारी और करीम लाला के आखिरी दिनों की कहानी।