कहानी अब तक
दोस्तों हाजी मस्तान की इस कहानी के पहले हिस्से में हमने देखा के कैसे तमिलनाडु के पननकुलम नामके एक छोटे से गाँव में जन्म हुआ एक लड़का मस्तान हैदर मिर्ज़ा कैसे अपने पापा के साथ बॉम्बे आया, अपने पापा के छोटे से साइकिल के दुकान से मुंबई के डॉक्स पर कूली बनने से लेकर शहर का सबसे बड़ा स्मगलर बनने तक कैसे हुआ उसका सफ़र।

वरदा भाई को जेल से निकाला
जब उसका स्मगलिंग का काम अच्छेसे चलने लगा था तब उसने महसूस हुआ के सिर्फ पैसा होने से पूरे बंबई पर असर नहीं बनाया जा सकता। पैसे को बचाने के लिए पुलिस और कस्टम में पहचान चाहिए थी, और माल तथा लोगों को संभालने के लिए ऐसे आदमी चाहिए जिनके नाम से सामने वाला पीछे हट जाए, जिसके पास मसल पॉवर हो।
मस्तान के सामने दो लोगों के नाम आए। ये दो लोग मुंबई की उस वक्त की बहुत बड़ी हस्ती थी। एक था सेंट्रल मुंबई में धारावी के एरिया को कंट्रोल करने वाला वरदराजन मुदलियार और पठान गैंग का सरगना करीम लाला।


इन दोनों के साथ हाथ मिलना पार्टनरशिप करना आसान नहीं था। पार्टनरशिप बराबरी वालों में की जाती है और अगर मस्तान को इनसे हाथ मिलना है तो उसे अपनी पॉवर भी दिखानी पड़ेगी। ऐसे में ही हाजी मस्तान के जो पुलिस डिपार्टमेंट के कांटैक्ट्स थे उनसे उसे पता चला के वरदा भाई को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है।
हुआ ये था के वरदा के लोगों ने कस्टम डॉक से एंटीना का एक कंसाइनमेंट चुरा लिया था, और ये कोई मामूली माल नहीं था क्योंकि इसे केंद्र सरकार के एक बड़े मंत्री के लिए मंगवाया गया था। शुरुआत में पुलिस और कस्टम के पास चोरी करवाने वाले आदमी की कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन एक मुखबिर से खबर मिलने के बाद वरदा को धारावी से उठाकर आजाद मैदान लॉकअप में बंद कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने उसे साफ बता दिया था के अगर उसने एंटीना की लोकेशन नहीं बताई, तो उसके साथ थर्ड डिग्री का इस्तेमाल किया जाएगा क्योंकि इस बार नौकरी उन अधिकारियों की भी दांव पर लगी हुई थी।
उसी रात वरदा लॉकअप के अंदर अकेला बैठा हुआ था, तभी सफेद सूट और पॉलिश किए हुए जूते पहनकर, हाथ में फाइव फाइव फाइव सिगरेट लिए एक आदमी उसकी सलाखों के सामने आकर खड़ा हो गया। वहां मौजूद किसी पुलिसवाले ने उसे रोका तक नहीं क्योंकि कस्टम और पुलिस विभाग में उसके कई पुराने कनेक्शंस थे। ये आदमी था हाजी मस्तान, जिसने वरदा से तमिल में बात करनी शुरू कीया ताकि आसपास मौजूद पुलिसवाले उनकी बातचीत न समझ सकें।
मस्तान ने बड़े सम्मान से उसे थलाइवर कहकर बुलाया और समझाया के वो एंटीना वापस कर दे, बदले में उसे ऐसे कारोबार का हिस्सा मिलेगा जिसमें चोर बाजार में एंटीना बेचने से कई गुना ज्यादा पैसा था।
वरदा ने शुरुआत में माल की जानकारी देने से इनकार किया, लेकिन तब मस्तान ने उसके सामने सोने के कारोबार में पार्टनरशिप का प्रस्ताव रखा और साफ बताया के उसके पास पैसा तथा कस्टम में पहुँच तो है, लेकिन पूरे शहर में अपना कारोबार फैलाने के लिए उसे वरदा के लोगों की और उसकी मसल पावर की जरूरत है। वरदा समझ गया के एक कंसाइनमेंट बचाने के चक्कर में वो थर्ड डिग्री झेलेगा, जबकि उसे छोड़कर सोने के कारोबार में शामिल होने से उसकी पूरी जिंदगी बदल सकती है।
उसने एंटीना छुपाने की जगह बता दी और उसी लॉकअप में दो बिल्कुल अलग दिखाई देने वाले लोगों ने हाथ मिलाया—एक तरफ सफेद सूट, महंगी सिगरेट और पॉलिश किए हुए जूतों में हाजी मस्तान था, और दूसरी तरफ सफेद बनियान, लुंगी और चप्पल में था वरदा भाई।
कस्टम अधिकारियों को उनका कंसाइनमेंट वापस मिल गया, वरदा को लॉकअप से छोड़ दिया गया और जब वो धारावी में अपने अड्डे पर पहुँचा तो उसके आदमियों को उम्मीद थी के गिरफ्तारी और माल वापस करने की बेइज्जती से वो गुस्से में होगा। लेकिन वरदा ने वापस आते ही दावत का इंतजाम करने का आदेश दे दिया, क्योंकि उसके आदमियों को सिर्फ इतना दिखाई दे रहा था के उनका एंटीना चला गया है, जबकि वरदा जानता था के उस एक कंसाइनमेंट के बदले उसे हाजी मस्तान के सोने के साम्राज्य में एंट्री मिल चुकी है।
ताहिर मंजिल पर डिनर
इसी तरह ग्रांट रोड की मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के बाद मस्तान की मुलाकात करीम लाला से हुई, जिसके पठान गैंग का नाम सुनकर उस दौर में लोग अपना घर और दुकान तक खाली कर देते थे। नमाज के बाद दोनों ताहिर मंजिल में साथ खाना खाने गए जी की करीम लाला का मकान था और वहीं मस्तान ने करीम लाला को अपने माल और गोदामों की सुरक्षा के लिए आदमी देने का ऑफर दिया।
करीम लाला के लिए ये स्मगलिंग के बड़े कारोबार में एंट्री थी और मस्तान के लिए ऐसी मसल पावर, जिसकी मौजूदगी में लड़ाई करने की जरूरत ही बहुत कम पड़ती थी। इस तरह पैसा हाजी मस्तान का, सेंट्रल बंबई का नेटवर्क वरदा का और पठानों की ताकत करीम लाला की, इन तीनों ने मिलकर बंबई के पुराने अंडरवर्ल्ड की सबसे ताकतवर व्यवस्था खड़ी कर दी।
मस्तान चाँदी
अब मस्तान सिर्फ विदेश से सोना मंगाकर बंबई में बेच नहीं रहा था। उसने देखा के जिन देशों से सोना आ रहा है वहां भारत की चांदी की बहुत मांग है, इसलिए एक तरफ सोना बंबई आता और दूसरी तरफ चांदी की ईंटें बाहर भेजी जाने लगीं। कारोबार में और अंडरवर्ल्ड में मस्तान अपने उसूलों के लिए और ईमानदारी के लिए जाना जाता था। उसका ब्रांड नेम इतना मजबूत था के बाजार में उसके चांदी को मस्तान चांदी कहा जाने लगा।
जब कारोबार बहुत बढ़ गया तब उसने यूसुफ पटेल नाम के अपने ईमानदार आदमी को बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी।चाँदी की ईंटें सही-सलामत बाहरी देशों में पहुँचाना यूसुफ पटेल की जिम्मेदारी बन गई। अलग-अलग पोर्ट्स पर मस्तान का प्रभाव बढ़ने लगा और जिस लड़के के पापा क्रॉफर्ड मार्केट के पास साइकिल ठीक करते थे, उसी मस्तान के पास अब मालाबार हिल में आलीशान घर और कई विदेशी गाड़ियाँं थीं। उसने मद्रास की सबीहा बी से शादी की और उनकी तीन बेटियां हुईं, कमरुन्निसा, मेहरुन्निसा और शमशाद।
मस्तान ने अपनी एक ऐसी इमेज बनाई जो बंबई के बाकी अपराधियों से बिल्कुल अलग थी। वो हमेशा चमकते हुए सफेद कपड़े पहनता, महंगी सिगरेट पीता, विदेशी गाड़ियों में घूमता और ऊंची आवाज में धमकी देने के बजाय धीरे बोलकर काम करवाता था. मस्तान जितना धंधे में ईमानदार था उतना ही गरीबों के लिए दरियादिल भी था और इसीलिए शायद लोगों ने उसे हाजी मस्तान कहना शुरू किया।
इसी दौरान लोगों के बीच ये बात फैलने लगी के हाजी मस्तान ने कभी अपने हाथ में बंदूक नहीं उठाई, लेकिन इसका मतलब ये नहीं था के उसके साम्राज्य में हिंसा नहीं थी। १९६९ में एक घटना हुई। मस्तान की भेजी हुई चाँदी की एक कन्साइनमेंट को जब विदेश में टेस्ट किया गया तब पता चला के चाँदी में शीशे की मिलावट है। ये बात मस्तान के लिए किसी भूकंप से कम नहीं थी।
बरसो से कमाया हुआ नाम एक ही झटके में ख़राब हो रहा था। मस्तान ने तुरंत यूसुफ पटेल से बात की क्योंकि वो ही चाँदी का काम देखता था। मिलावट के बावजूद, यूसुफ ने गलती मानने से इनकार कर दिया। बात बढ़ गई और इसी बात पर वो मस्तान को छोड़कर चला गया। उसने अपना ख़ुद का सोने चाँदी का स्मगलिंग रैकेट शुरू किया।
बंबई की पहली सुपारी
यूसुफ पटेल की वजह से हाजी मस्तान के धंधे पर इफ़ेक्ट आ रहा था। और इसीलिए मस्तान ने यूसुफ पटेल को मारने की सुपारी पठान गैंग को दे दी। उस वक्त मस्तान की तरफ़ से १० हज़ार रुपये दिए गए थे जिसे बंबई की पहली सुपारी भी कहा जाता है। २२ नवंबर १९६९ के दिन रमजान की रात, यूसुफ अपने कुछ लोगों को लेकर मिनारा मस्जिद के बाजू में बैठा हुआ था।
सफेद पठानी सूट पहने दो लोग वहाँ आए और गोलिया चलाने लगे। यूसुफ के बॉडीगार्ड ने बड़ी फुर्ती दिखाई और वो यूसुफ के ऊपर गिर गया। यूसुफ के हाथ में दो गोलिया लगी। वो तो ज़िंदा बच गया लेकिन उसका बॉडी गार्ड मारा गया। इस कांड के बाद पुलिस ने मस्तान, करीम लाला और बाक़ी ११ लोगों को अरेस्ट कर लिया लेकिन उनके ख़िलाफ़ पुख्ता सबूत ना होने की वजह से उन्हें कोर्ट ने रिहा कर दिया।
फ़िल्म इंडस्ट्री का ‘सोना’
साठ और सत्तर के दशक में जैसे-जैसे मस्तान का पैसा बढ़ रहा था, वैसे-वैसे उसकी पहुँच फिल्मी दुनिया तक होने लगी थी। वो फिल्मी लोगों के साथ दिखाई देने लगा, फिल्मों में पैसा लगाने लगा और धार्मिक तथा सामाजिक संदेश वाली मुस्लिम सोशल फिल्मों की तरफ उसका झुकाव बढ़ गया। इसी दौरान उसकी मुलाकात वीणा शर्मा से हुई, जिसे फिल्मी दुनिया में सोना के नाम से जाना जाता था और जिसकी शक्ल की तुलना मधुबाला से की जाती थी।
मस्तान को मधुबाला बेहद पसंद थी, और जब उसने सोना को देखा तो कुछ समय बाद शादी का प्रस्ताव भेज दिया। सोना ने प्रस्ताव स्वीकार किया, मस्तान ने उसके लिए जुहू में एक बंगला खरीदा और अब वह दिलीप कुमार तथा सायरा बानो जैसे फिल्मी सितारों के साथ बड़े प्रोग्राम्स में दिखाई देने लगा।
ये मस्तान की ताकत का नया रूप था। पहले उसका नाम डॉक, कस्टम और सोने के बाजार में चलता था, लेकिन अब उसकी तस्वीरें फिल्मी सितारों के साथ छप रही थीं और बंबई का एक स्मगलर धीरे-धीरे सोशलाइट बन रहा था। हिंदी फिल्मों में सफेद कपड़े, विदेशी कार, धीमी आवाज और सोने की चमक वाला जो स्मगलर दिखाई देने लगा, लोगों ने उसमें हाजी मस्तान की झलक देखी। जिस बंबई को उसने बचपन में थिएटरों के बाहर खड़े होकर देखा था, अब उसी बंबई का सिनेमा उसकी इमेज से फ़िल्मोके किरदार बना रहा था।
गिरफ्तारी
लेकिन मस्तान का साम्राज्य जितना बड़ा हो रहा था, सरकार की नजर भी उतनी ही तेजी से उस पर पड़ रही थी। साठ के दशक से संसद में बंबई की स्मगलिंग पर सवाल उठने लगे थे और जब सरकार को ये महसूस हुआ के सोना, काला धन, कस्टम, समुद्री रास्ते और अपराधी गैंग्स एक बहुत बड़े नेटवर्क में बदल चुके हैं, तब उसने इस पूरे सिस्टम पर हमला करने के लिए कठोर कानूनों का इस्तेमाल शुरू किया। १७ सितंबर १९७४ को हाजी मस्तान को मीसा के तहत हिरासत में लिया गया। मस्तान ने राम जेठमलानी जैसे बड़े वकील की मदद ली, लेकिन इस बार उसका पैसा और संपर्क काम नहीं आए और उसे इमरजेंसी का लगभग पूरा दौर जेल में बिताना पड़ा।
इमरजेंसी के दौरान बंबई, ठाणे, येरवडा और दूसरी जेलें स्मगलरों, ब्लैक मार्केट चलाने वालों और गैंगस्टर्स से भर गई थीं। उस दौर के पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक २८८ स्मगलर्स को हिरासत में लिया गया और १७७ की प्रॉपर्टी अटैच की गई, जिनमें हाजी मस्तान और यूसुफ पटेल जैसे बड़े नाम शामिल थे। मस्तान को यहां पहली बार ये समझ आया के जिस सरकार के कुछ अधिकारियों और नेताओं तक पहुँच बनाकर उसने अपना साम्राज्य खड़ा किया था, वही सरकार अगर पूरी ताकत से पीछे पड़ जाए तो उसके सामने बंबई का सबसे बड़ा नेटवर्क भी काम नहीं आएगा।
साल १९७७ में इमरजेंसी खत्म हुई और जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई तो मस्तान तथा करीम लाला ने जयप्रकाश नारायण से मदद मांगी, ताकि वो प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के सामने उनकी रिहाई की बात रख सकें। दोनों ने एफिडेविट देकर सरकार से वादा किया के अब वो किसी गैरकानूनी काम में शामिल नहीं होंगे, सरकार ने उनकी बात स्वीकार की और करीब दो साल जेल में बिताने के बाद मस्तान बाहर आ गया।
मगर बाहर आने वाला हाजी मस्तान वही आदमी नहीं था जो जेल गया था, क्योंकि अब पुराने तरीके से स्मगलिंग करना लगातार मुश्किल हो रहा था और बंबई के अंडरवर्ल्ड में दाऊद इब्राहिम जैसे नए खिलाड़ी तेजी से ऊपर आ रहे थे।
साफ़ सुथरी छबि
रिहाई के बाद हाजी मस्तान को ये समझ आ गया था के पहले के तौर-तरीके अब ज्यादा दिन नहीं चलेंगे। अब खुद को कानून और व्यवस्था के अनुरूप ढालना पड़ेगा, नहीं तो उसकी दौलत और आजादी दोनों फिर खतरे में पड़ सकती थीं। इसीलिए उसने अपने आप को एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पेश करना शुरू किया। उसके घर पर लोगों के लिए दरबार लगने लगे, गरीब अपनी समस्याएं लेकर आने लगे, धार्मिक दान और मुस्लिम समुदाय की गरीबी दूर करने के नाम पर कई सामाजिक काम होने लगे।
बाहर से देखने पर ऐसा लग रहा था के पुराना स्मगलर अब पूरी तरह बदल चुका है, लेकिन बंबई में बनाई हुई ताकत को छोड़ देना और उस ताकत को एक नई पहचान दे देना, ये दोनों बहुत अलग चीजें थीं।
साल १९८० में जब पठान गैंग और दाऊद-साबिर गैंग की लड़ाई से बंबई की सड़कों पर लगातार खून बह रहा था, तब इसी नई सामाजिक और बुजुर्ग वाली इमेज का इस्तेमाल करके मस्तान ने दोनों गैंग्स को वॉर्डन रोड के अपने बंगले पर बुलाया। यही वो मीटिंग थी जहां से हमने कहानी शुरू की थी। उस रात समझौता तो हो गया, लेकिन मस्तान के बंगले से बाहर निकलते समय दाऊद अब वो छोटा-मोटा लड़का नहीं रहा था जिसे पुराने डॉन्स अपनी शर्तें बता सकें।
समझौते ने कुछ समय के लिए सड़कों पर लड़ाई रोकी, लेकिन इसी शांति ने दाऊद को अपना नेटवर्क और मजबूत करने का वक्त दे दिया, और आने वाले वर्षों में वही दाऊद पुराने बंबई अंडरवर्ल्ड के सभी बड़े नामों से आगे निकलने वाला था।
मस्तान ने अपराध की दुनिया से दूर एक इज्जतदार चेहरा बनाने की कोशिश जरूर की, लेकिन साल १९८४ के सांप्रदायिक दंगों के दौरान जब पुलिस ने शहर के बड़े असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई शुरू की तो सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर मधुकर जेंडे ने मस्तान को उसके जुहू के बंगले से ढूंढ निकाला। मस्तान और करीम लाला पर नेशनल सिक्योरिटी एक्ट लगाया गया और दोनों को ठाणे जेल भेज दिया गया।
जब जेंडे ने मस्तान को पुलिस कमिश्नर जूलियो रिबेरो के सामने पेश किया, तो इतने बड़े नाम के पीछे एक दुबले-पतले आदमी को देखकर रिबेरो को भी यकीन नहीं हुआ के यही वो मशहूर हाजी मस्तान है जिसके किस्से पूरे शहर में चलते हैं।
राजनीति में रखा कदम
इस गिरफ्तारी ने मस्तान को एक और बात समझा दी थी। फिल्मी सितारों के साथ तस्वीरें, पुलिस और नेताओं में पहचान, करोड़ों की दौलत और सामाजिक कार्यकर्ता की इमेज, इनमें से कोई भी चीज उस वक्त उसकी मदद के लिए सड़क पर नहीं उतरी। अगर उसे सरकार के सामने नई ताकत बनानी थी तो अब उसे स्मगलरों और गैंगस्टर्स से ज्यादा आम लोगों की जरूरत थी। साल १९८५ में उसने दलित नेता जोगेंद्र कवाडे के साथ मिलकर दलित-मुस्लिम सुरक्षा महासंघ बनाया, जिसका मकसद दलित और मुस्लिम समाज को एक राजनीतिक मंच पर लाना था।
मस्तान ने इसमें पैसा लगाया, सभाएं कीं और अखबारों में चर्चा भी मिली, लेकिन ये संगठन कभी इतनी बड़ी राजनीतिक ताकत नहीं बन पाया जितनी मस्तान ने उम्मीद की थी।
आख़िरी पन्ना
अब बंबई भी बदल चुकी थी और अंडरवर्ल्ड भी। सोने और विदेशी सामान की स्मगलिंग पर टिका पुराना कारोबार कमजोर हो रहा था, जबकि दाऊद का नेटवर्क ज्यादा स्ट्रक्चर्ड, ज्यादा हिंसक और international होता जा रहा था। मस्तान ने अपना समय राजनीति, सामाजिक काम और रियल एस्टेट में लगाना शुरू किया, करीम लाला होटल के कारोबार की तरफ चला गया और वरदराजन मुदलियार भी बंबई में अपना पुराना असर खोने लगा। जिस तिकड़ी के नाम से कभी पूरा शहर कांपता था, उसकी जगह अब एक नई डी-कंपनी ले रही थी। और ऐसे में ही, २५ जून १९९४ को हाजी मस्तान की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई।
वो आठ साल का गरीब बच्चा जो अपने पापा के साथ तमिलनाडु से बंबई आया था, जिसने पांच रुपये रोज के लिए साइकिलें ठीक कीं, पंद्रह रुपये महीने पर डॉक में बोझ उठाया और फिर उसी डॉक के सिस्टम को समझकर करोड़ों का साम्राज्य बनाया, आखिर में अपने पीछे अपराध से भी बड़ी एक इमेज छोड़कर गया।
हाजी मस्तान ने शायद बंबई पर बंदूक के दम पर राज नहीं किया, उसने लोगों की जरूरत, लालच, कमजोरी और महत्वाकांक्षा को समझकर राज किया। उसकी सबसे बड़ी खासियत ये थी के वो हर बदलते दौर में अपनी एक नई पहचान बना लेता था; पहले कुली, फिर स्मगलर, उसके बाद बंबई का सबसे रईस डॉन, फिर फिल्म प्रोड्यूसर, समाजसेवी और आखिर में नेता। लेकिन उस हर नई पहचान के पीछे वही आठ साल का लड़का था जिसे बंबई पर राज करना था।
संसाधन / Resources
1. Dongri to Dubai: Six Decades of the Mumbai Mafia, S. Hussain Zaidi
2. Union of India v. Haji Mastan Mirza, Supreme Court of India, १९८४. मीसा, कोफेपोसा और रिहाई के कानूनी क्रम के लिए।
3. Business of Smuggling in Bombay, Parliament Digital Library, १९६४. बंबई में स्मगलिंग को लेकर समकालीन संसदीय संदर्भ के लिए।
4. Gold (Control) Act, 1965, भारत सरकार. सोने पर नियंत्रण और उसके कारण बने काले बाजार के संदर्भ के लिए।
5. Hajji Mastan interview, India Today, १९७८. मस्तान की समकालीन सार्वजनिक छवि और उसके अपने दावों के लिए।
6. “The Real Haji Mastan”, Mumbai Mirror, २०१०. परिवार, डॉक, सार्वजनिक छवि और बाद के सामाजिक जीवन के विवरणों के लिए।
7. Organised Crime in India, सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी. पुराने बंबई अंडरवर्ल्ड के संस्थागत संदर्भ के लिए।
अंतिम तथ्य-जांच: 6 अक्टूबर 2026



Reader discussion
अपनी बात साझा करें
कहानी पर अपनी राय या संदर्भ लिखें। तथ्यात्मक सुधार के लिए article link और विश्वसनीय आधार के साथ collab@rajtantrastories.in पर लिखना सबसे प्रभावी रहेगा।