डी कंपनी में अकेला पड़ता राजन
१२ मार्च १९९३ के बम ब्लास्ट ने पूरे अंडरवर्ल्ड को हिंदू और मुस्लिम में बाँट दिया था।
डी कंपनी में छोटा शकील की अहमियत बढ़ रही थी और छोटा राजन को जानबूझकर किनारे किया जा रहा था। डी कंपनी में राजन का नंबर २ का ओहदा सिर्फ़ शकील को ही नहीं चुभ रहा था, लिस्ट लंबी थी। शकील के साथ-साथ शरद शेट्टी और सुनील सावंत भी राजन के ख़िलाफ़ थे।
जेजे हॉस्पिटल शूटआउट पूरी तरह छोटा शकील और सुनील सावंत ने संभाला था, और राजन को उस प्लान में बिल्कुल शामिल नहीं किया गया था। १९९३ के बम ब्लास्ट की प्लानिंग भी राजन के बिना हुई। उन मीटिंग्स में जब किसी ने पूछा कि छोटा राजन क्यों नहीं है, तो शकील की तरफ़ से कहा गया कि 'काफ़िरों' को प्लान में शामिल नहीं करना है।
१९९३ के आख़िर तक हालत ये हो चुकी थी कि डी कंपनी का ज़्यादातर काम छोटा शकील, शरद शेट्टी और सुनील सावंत संभालने लगे थे। राजन ज़्यादातर दुबई में अपने घर पर ही रहता था। शकील अच्छी तरह जानता था कि राजन में कितना दम है, और उसकी ये खामोशी किसी बड़े तूफ़ान की आहट है। इसलिए शकील ने तय किया कि वो अपने कॉम्पिटिशन को हमेशा के लिए खत्म कर देगा। कहा जाता है कि इस प्लान में दाऊद की भी रज़ामंदी थी।
क्रूज़ पार्टी और एक फ़ोन कॉल
दाऊद की तरफ़ से एक बड़े क्रूज़ शिप पर बड़ी पार्टी रखी गई थी, जिसमें सभी बड़े लोगों को बुलाया गया था। शकील का प्लान था कि जब क्रूज़ समंदर के गहरे पानी में पहुँचेगा, तब उसके शूटर्स राजन को मार देंगे और उसकी बॉडी समंदर में फेंक देंगे, ताकि कोई सबूत न बचे।
उस शाम राजन अपने घर पर पार्टी के लिए तैयार हो रहा था। डी कंपनी के किसी इवेंट में जाने का अब उसका मन नहीं होता था, फिर भी दाऊद की पार्टी में जाना ज़रूरी था। तैयार होकर वो घर से निकलने ही वाला था कि फ़ोन की घंटी बजी।
फ़ोन पर डी कंपनी का ही एक आदमी था। गैंग में राजन की एक्टिविटी कम ज़रूर हुई थी, लेकिन उसे सपोर्ट करने वाले कई लोग अब भी थे। उन्हीं में से एक ने बताया कि क्रूज़ वाली पार्टी में मत आना, तुम्हारा गेम सेट हो चुका है।
राजन हैरान रह गया। उसे लगता था कि उसने डी कंपनी और दाऊद के लिए क्या कुछ नहीं किया, तो कम से कम दाऊद उसे जान से तो नहीं मारेगा। लेकिन वो भ्रम अब टूट चुका था। मन में सवाल उठ रहे थे: क्या ये खबर सच है या कोई सुनी-सुनाई बात? पार्टी में जाना चाहिए या नहीं?
राजन ने अपनी कार निकाली और ड्राइव करने लगा। क्रूज़ लाइनर तक का रास्ता महज़ आधे घंटे का था, लेकिन वो दुबई की सड़कों पर गोल-गोल कार चलाते हुए सोचता रहा। करीब तीन घंटे सोचने के बाद उसने तय कर लिया कि अब वो डी कंपनी से बाहर निकलेगा। दिक्कत थी दुबई से बाहर निकलने की।
बिना पासपोर्ट दुबई से कैसे निकले?
उस वक्त के UAE के नियमों के मुताबिक, जो भी विदेशी वहाँ रहने आता था, उसे अपना पासपोर्ट किसी UAE सिटीज़न के पास रखना पड़ता था। दाऊद को छोड़कर, डी कंपनी के जितने मेंबर्स दुबई शिफ्ट हुए थे, सबके पासपोर्ट कुछ शेखों के पास रखे हुए थे। बिना पासपोर्ट राजन दुबई से नहीं भाग सकता था, और इसीलिए दाऊद और शकील निश्चिंत थे।
राजन सोच में पड़ गया कि दुबई से निकले कैसे। तभी उसे इंडियन एम्बेसी में काम करने वाला एक ऑफिसर याद आया। कुछ साल पहले एक पार्टी में उससे मुलाक़ात हुई थी। उस ऑफिसर ने कुछ बताया नहीं था, लेकिन राजन समझ गया था कि ये कोई आम ऑफिसर नहीं, बल्कि इंडियन इंटेलिजेंस एजेंसी का एजेंट है। आम तौर पर किसी भी देश की विदेशी एम्बेसी में एक या उससे ज़्यादा इंटेलिजेंस ऑफिसर्स तैनात होते हैं।
राजन ने तय किया कि वो इसी ऑफिसर से मदद माँगेगा। उसने अपनी कार अबू धाबी की इंडियन एम्बेसी की तरफ़ मोड़ दी। गेट पर सिक्योरिटी से उसने उस ऑफिसर का नाम बताया और अर्जेंट काम से मिलने की गुज़ारिश की। जब तक वो ऑफिसर नहीं आया, राजन एम्बेसी में बैठा रहा।
करीब दो घंटे मीटिंग चली। राजन ने ऑफर दिया कि अगर इंडियन गवर्नमेंट उसे दुबई से निकालकर किसी सेफ जगह पहुँचाने में मदद करे, तो बदले में वो दाऊद के सारे राज़ बता देगा। हिंदुस्तान, पाकिस्तान और UAE में दाऊद के पॉलिटिकल कनेक्शंस बहुत मज़बूत थे, शायद इसीलिए RAW अब तक दाऊद तक नहीं पहुँच पायी थी। अगर दाऊद का राइट हैंड RAW के पास आ जाता, तो ये उनके लिए जैकपॉट था।
आख़िरकार कई घंटों की बातचीत के बाद तय हुआ कि RAW छोटा राजन की मदद करेगी। उसे पासपोर्ट और दूसरे डॉक्यूमेंट्स दिए गए। राजन घर लौटा और कुछ ज़रूरी सामान और ढेर सारा कैश लेकर एयरपोर्ट के लिए निकल पड़ा।
उधर राजन को पार्टी में न देखकर छोटा शकील हैरान था। उसने राजन पर कोई नज़र नहीं रखी थी, क्योंकि उसका पार्टी में आना तय माना जा रहा था। शकील के आदमी कुछ समझ पाते, तब तक राजन दुबई से उड़ चुका था।

काठमांडू से क्वालालंपुर
दुबई से राजन काठमांडू पहुँचा, जहाँ कुछ इंडियन ऑफिसर्स उससे मिले। उसे 'मोहन कुमार' के नाम से एक नई पहचान दी गई। फिर वहाँ से वो मलेशिया की राजधानी क्वालालंपुर पहुँचा। क्वालालंपुर और सेलांगोर के बीच अम्पांग नाम का एक इलाका है, और राजन अब यहीं रहने लगा।

अगले करीब दो दिनों तक दाऊद और शकील को पता ही नहीं चला कि राजन दुबई से निकल चुका है। लेकिन जब दाऊद को ये पता चला, तो उसके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। राजन को डी कंपनी के बारे में करीब-करीब सब कुछ पता था: अलग-अलग देशों में उसके बिज़नेस, विदेशी गैंग्स से कनेक्शन, इंडिया के वो टॉप पुलिस ऑफिसर्स जो दाऊद के पेरोल पर थे, वो पॉलिटिशियंस जिनके लिए दाऊद ने मर्डर करवाए थे, और हिंदुस्तान में दाऊद की बेहिसाब बेनामी प्रॉपर्टी।
छोटा राजन को नज़रअंदाज़ करना दाऊद की सबसे बड़ी गलती थी। आम तौर पर उसके फैसले और प्लानिंग बहुत सोची-समझी और फुल-प्रूफ होती थी, लेकिन ये बहुत बड़ी गलती उससे हो चुकी थी, और अगले कई साल तक उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ी।

डी कंपनी के फाइनेंस पर पहली चोट
क्वालालंपुर शिफ्ट होने के बाद डी कंपनी को खत्म करने की प्लानिंग शुरू हुई। सबसे पहले, वादे के मुताबिक, राजन ने इंडियन खुफ़िया एजेंसियों को दाऊद के बैंक अकाउंट्स, खासकर उसके सारे इंडियन बैंक अकाउंट्स की जानकारी दे दी। ये डी कंपनी के लिए बहुत बड़ा झटका था। कई बेनामी प्रॉपर्टीज़ और बंगले सील किए गए, बैंक अकाउंट्स फ्रीज़ हुए और बैंक लॉकर्स पर ताले लगे। डी कंपनी के फाइनेंस पर ये अब तक का सबसे बड़ा हमला था।
अब बारी थी अगले कदम की। डी कंपनी के करीबी बिज़नेसमैन, होटल और बार मालिकों को छोटा राजन की तरफ़ से फ़ोन जाने लगे और प्रोटेक्शन मनी माँगी जाने लगी। न देने पर मौत तय थी।
१९९४ से लेकर करीब २००० तक का दौर मुंबई के बिज़नेसमैन के लिए सबसे बुरा वक्त था। प्रोटेक्शन मनी न दो तो मौत; दे दो तो दूसरी गैंग का फ़ोन आ जाता, और उसे मना करो तो फिर मौत। मुंबई के कारोबारियों का जीना मुश्किल हो गया था। राजन के फ़ोन कॉल्स की बात जब शकील को पता चली, तो उसने भी राजन के सपोर्टर्स को कॉल करना शुरू कर दिया।
ओम प्रकाश कुकरेजा की हत्या
मुंबई में ओम प्रकाश कुकरेजा नाम के एक बड़े बिल्डर थे। छोटा राजन के चेंबूर वाले गणेश मंडल, सह्याद्रि क्रीड़ा मंडल को कुकरेजा हर साल करीब ५० लाख रुपये डोनेशन देते थे, और उन्हें राजन का पूरा सपोर्ट था। वो सिर्फ़ बड़े बिल्डर ही नहीं, बल्कि न्यू बॉम्बे बिल्डर्स एसोसिएशन के चेयरमैन भी थे।
छोटा शकील की तरफ़ से उनसे प्रोटेक्शन मनी माँगी गई, तो उन्होंने साफ़ मना कर दिया। बार-बार धमकियाँ मिलने के बावजूद कुकरेजा नहीं डरे और उन्होंने अपनी प्राइवेट सिक्योरिटी बढ़ा दी। १८ सितंबर १९९५ को सलीम हड्डी और राजू इगरे उनके ऑफिस में घुसे और उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया। इतना ही नहीं, वहाँ मौजूद स्टाफ को भी मार दिया गया।
ये मुंबई के बिज़नेसमैन के लिए छोटा शकील का मैसेज था: जो भी राजन को सपोर्ट करेगा, उसका हाल कुकरेजा जैसा होगा।
ईस्ट वेस्ट एयरलाइंस के वाहिद
कुकरेजा के मर्डर से छोटा राजन हिल गया था, क्योंकि कुकरेजा उसके बहुत करीबी थे। महज़ दो महीनों में राजन ने इसका बदला ले लिया।
१९९० के बाद हिंदुस्तान की इकॉनमी खुल चुकी थी। बहुत-सी नई कंपनियाँ और विदेशी फंडिंग इंडिया आ रही थी। ऐसे में ठकियुद्दीन वाहिद नाम के एक शख़्स ने हिंदुस्तान में एक नई प्राइवेट एयरलाइन शुरू की, जिसका नाम था ईस्ट वेस्ट एयरलाइंस। कहा जाता था कि इस एयरलाइन में दाऊद का बड़ा इन्वेस्टमेंट था, और ये दाऊद के लिए ब्लैक मनी को व्हाइट करने की मशीन बन चुकी थी।
१३ नवंबर १९९५ को ईस्ट वेस्ट एयरलाइंस के वाहिद को छोटा राजन के आदमियों ने मार दिया। न कोई एक्सटॉर्शन कॉल, न कोई धमकी। ये मर्डर अचानक हुआ था।
इसके साथ ही डी कंपनी और राजन गैंग के बीच मर्डर्स की एक लंबी लिस्ट बनने लगी। इसका असर ये हुआ कि मुंबई की बाक़ी गैंग्स भी इसमें कूद पड़ीं, क्योंकि उन्हें भी अपना डर और दबदबा बनाए रखना था। कई बेगुनाह बिज़नेसमैन इस गैंगवॉर की भेंट चढ़ गए। ७ मई १९९४ को अमर नाइक गैंग ने मुंबई के बड़े बिज़नेसमैन सुनीत खटाउ को मार दिया, और फ़रवरी १९९८ में गवली गैंग ने जाने-माने बिल्डर मनीष शाह को उनके मालाबार हिल वाले घर के बाहर मार दिया।

दाऊद कराची में
राजन का ध्यान अब डी कंपनी की टॉप लीडरशिप पर था। फाइनेंस पर तो उसने बड़ी चोट पहुँचा दी थी, अब उसे दाऊद और शकील को ठिकाने लगाना था।
राजन से दाऊद की जानकारी मिलने के बाद इंडियन गवर्नमेंट ने UAE सरकार पर दबाव बनाना शुरू किया कि वो दाऊद को प्रत्यर्पित करे। दाऊद जैसा हिंदुस्तान का दुश्मन अगर दुबई में खुलेआम घूम रहा है, तो ये UAE सरकार की इंटरनेशनल इमेज के लिए अच्छा नहीं था। बदलते हालात को देखते हुए, करीब दिसंबर १९९४ में दाऊद ने अपना ठिकाना दुबई से कराची शिफ्ट कर लिया।
ISI के साथ उसके बहुत अच्छे संबंध थे। ISI को भी दाऊद की ज़रूरत थी, क्योंकि उसके इंटरनेशनल कॉन्टैक्ट्स और इंडियन नेटवर्क के ज़रिए वो हिंदुस्तान में कई वारदातों को अंजाम दे सकती थी। पाकिस्तान में दाऊद का स्वागत हुआ और उसे पूरी स्टेट सिक्योरिटी दी गई।

किलिंग मशीन सावत्या का अंत
दाऊद तक पहुँचना मुश्किल लग रहा था, इसलिए राजन ने अपना ध्यान उसके सेनापति पर लगाया: सुनील सावंत उर्फ़ सावत्या। उन दिनों सावत्या को 'किलिंग मशीन' कहा जाता था। लोगों को मारना, मरते हुए लोगों की चीखें सुनना और औरतों का शौक, यही सावत्या की पहचान थी।
दाऊद और छोटा शकील कभी कराची से बाहर नहीं निकलते थे, लेकिन सुनील सावंत और शरद शेट्टी अक्सर पाकिस्तान से दुबई आते-जाते थे। शरद शेट्टी ने वहाँ कई होटल्स खरीद रखे थे, और अब सावत्या भी दुबई में अपना बिज़नेस एम्पायर खड़ा करना चाहता था।
कहा जाता है कि छोटा राजन को खबर मिली कि सावत्या दुबई में है और अपने बिज़नेस के लिए प्रॉपर्टी एजेंट के साथ प्रॉपर्टीज़ देख रहा है। श्यामसुंदर, बाबू और पंड्या, इन तीनों को दुबई भेजा गया। कुछ दिनों तक उन्होंने सावत्या का पीछा किया और उसका रूटीन देखा। फिर एक दिन दोपहर करीब साढ़े तीन बजे, जब सावत्या दुबई के अल खलीज रोड पर होटल तूफ़ान में लंच करने जा रहा था, तभी इन तीनों ने होटल के बाहर उस पर हमला कर दिया। उसे पहले गोलियों से छलनी किया गया और फिर चाकू से उसका गला काटा गया। सावत्या डी कंपनी का बहुत अहम मोहरा था, इसलिए दाऊद इस वारदात से हिल गया।

नेपाल में मिर्ज़ा दिलशाद बेग

सावत्या के बाद राजन ने डी कंपनी के एक ऐसे आदमी को निशाना बनाया, जिससे डी कंपनी की स्मगलिंग को बहुत बड़ी चोट लगी। नेपाल में डी कंपनी का एक अड्डा था, जिसके रास्ते ड्रग्स, नकली नोट और हथियार हिंदुस्तान लाए जाते थे। नेपाल का एक पॉलिटिशियन मिर्ज़ा दिलशाद बेग दाऊद का करीबी था और नेपाल में डी कंपनी को पूरा सपोर्ट देता था।
छोटा राजन ने दिलशाद बेग को खत्म करने का काम रोहित वर्मा और करण सिंह को दिया। २९ जून १९९८ को दिलशाद बेग काठमांडू के सिफल इलाके में अपनी दूसरी बीवी के घर जा रहा था। जैसे ही वो गाड़ी से उतरा, रोहित वर्मा और करण सिंह ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग की और उसे वहीं खत्म कर दिया।
सावत्या और दिलशाद बेग का जाना दाऊद के लिए बड़ा नुकसान था। दाऊद कुछ करे, उससे पहले छोटा राजन ने तय किया कि अब उसका अगला निशाना खुद दाऊद होगा।
राजन की तरफ़ से दाऊद को खत्म करने के करीब दो अलग-अलग प्लान बनाए गए। आख़िर वो प्लान क्या थे? उनमें से एक में तो उस वक्त के IB चीफ अजीत डोभाल खुद शामिल थे। क्या वो प्लान कामयाब हुए? और छोटा राजन को कब, कहाँ और कैसे गिरफ्तार करके इंडिया लाया गया? क्या वो सच में पकड़ा गया था, या खुद को गिरफ्तार करवाना चाहता था? ये सब जानेंगे इस कहानी के आख़िरी पार्ट में।
संसाधन / Resources
- Dongri to Dubai: Six Decades of the Mumbai Mafia, S. Hussain Zaidi
- Byculla to Bangkok, S. Hussain Zaidi
चित्र स्रोत / Image Credits
- Deira skyline, Dubai — Ahmedn97, Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)
- Kathmandu Durbar Square — Bijay Chaurasia, Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
- Kuala Lumpur from Ampang Point — Stefan Fussan, Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)
अंतिम तथ्य-जांच: 14 नवम्बर 2026



Reader discussion
अपनी बात साझा करें
कहानी पर अपनी राय या संदर्भ लिखें। तथ्यात्मक सुधार के लिए article link और विश्वसनीय आधार के साथ collab@rajtantrastories.in पर लिखना सबसे प्रभावी रहेगा।
इस कहानी पर कमेंट बंद हैं।